April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

महिला कांवड़ियों के लिए अनूठी पहल, राजधानी दिल्ली में पहली बार लगाए गए पिंक शिविर

नई दिल्ली। सावन का महीना चल रहा है और हर साल की तरह इस साल भी पूरे जोश के साथ कांवड़ यात्रा भी जारी है। पिछले कुछ सालों में कांवड़ यात्रा में महिलाओं की संख्या भी बढ़ रही है। इसी को देखते हुए देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में महिला कांवड़ियों के लिए इस बार विशेष व्यवस्था की गई है। दिल्ली में पहली बार लगाए गए पिंक शिविर लगाए गए हैं जिनमें सिर्फ महिला कांवड़ियों के रुकने की व्यवस्था है। इस पिंक कांवड़ शिविर का संचालन भी महिलाएं ही कर रही हैं। वहीं महिला कांवड़ यात्री इस अनूठी पहल की सराहना कर रही हैं।

दिल्ली में दो जगहों पर पिंक कांवड़ शिविर लगाए गए हैं। एक पिंक शिविर यमुनापार में जीटीबी एन्क्लेव ई-पॉकेट में तत्व सेवा समिति के द्वारा चलाया जा रहा है। वहीं दूसरा शिविर नंद नगरी मेन वजीराबाद रोड पर बैंक कालोनी बस स्टैंड के पास भारत माता मंदिर ट्रस्ट की ओर से लगाया गया है। इस शिविर में जो टेंट लगाया गया है वो पिंक कलर का है जिससे इसको पहचानने में आसानी हो। इतना ही नहीं शिविर में जो महिला स्वयंसेवी सेवा में लगी हैं उन्होंने भी पिंक कलर के कपड़े पहने हुए हैं। इन पिंक शिविरों में महिला कांवड़ियों के रात में रुकने के साथ ही शौचालय और स्नानागार की व्यवस्था है।

दोनों पिंक शिविरों में मेडिसिन डेस्क भी बनाई गई है जहां महिला कांवड़ियों के लिए दवा, उनके पैरों में पड़े छालों के लिए मरहम आदि भी उपलब्ध है। साथ ही सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात है जिसमें विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियां को ड्यूटी पर लगाया गया है। हालांकि फिलहाल इन शिविरों में रुकने वाली महिलाओं की संख्या बहुत अधिक नहीं है लेकिन जो भी महिला कांवड़ यात्री इन शिविरों में पहुंच रही हैं उनके द्वारा इसकी प्रशंसा की जा रही है। जैसे जैसे शिवरात्रि पास आ रही है कांवड़ लाने वालों की संख्या बढ़ रही है ऐसे में इन शिविरों में महिला कांवड़ियों की संख्या अब बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *