वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भारत और पाकिस्तान का मैच हुआ रद्द, इन भारतीय क्रिकेटरों ने खेलने से किया था इनकार
नई दिल्ली। कई भारतीय स्टार खिलाड़ियों के नाम वापस लेने के कारण एजबेस्टन में होने वाले वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स यानी WCL का चौथा मैच रद्द करना पड़ा है। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स का ये मैच भारत और पाकिस्तान के बीच होना था। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्यों सुरेश रैना, हरभजन सिंह, यूसुफ पठान और शिखर धवन ने पाकिस्तान के साथ न खेलने का फैसला किया। इस वजह से इन भारतीय खिलाड़ियों ने मैच से अपना नाम वापस ले लिया था। शिखर धवन ने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में पाकिस्तान के खिलाफ न खेलने के बारे में बयान जारी किया है। शिखर धवन ने लिखा- देश ही मेरे लिए सबकुछ है और देश से बढ़कर कुछ भी नहीं होता।
पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों का न खेलने का फैसला पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के पूर्व स्टार क्रिकेटरों की टीम को डब्ल्यूसीएल का ये मैच खेलना था। तमाम भारतीय फैंस ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेलने का विरोध किया था। वे इस मैच की आलोचना कर रहे थे। फैंस के रुख के बाद भारतीय क्रिकेटरों ने एक-एक कर नाम वापस लेना शुरू किया। जिसके बाद मैच को रद्द करने का फैसला करना पड़ा। इस मैच के रद्द होने से पाकिस्तान को निश्चित तौर पर जोर का झटका लगना तय है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब भारतीय क्रिकेटरों ने पाकिस्तान की टीम के खिलाफ मैच खेलने से साफ इनकार किया।
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स ने इस मैच के रद्द होने के बारे में बयान जारी किया है। बयान मं कहा गया है कि पाकिस्तान की हॉकी टीम हाल ही में भारत दौरे पर गई थी। भारत और पाकिस्तान के बीच वॉलीबॉल मैच भी हुआ। इसके बाद भारत और पाकिस्तान का क्रिकेट मैच कराने का विचार किया गया था। हालांकि, ये अहसास हुआ कि इससे तमाम लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं। हमने भारत के क्रिकेट दिग्गजों और समर्थकों को भी असहज कर दिया। इस वजह से मैच को रद्द करने का फैसला किया गया है। उम्मीद है कि आप हमारी भावनाओं को समझेंगे।
