तेल काला सोना, तो सेमीकंडक्टर चिप्स डिजिटल हीरे हैं, अब हमें कोई रोक नहीं सकता, सेमीकॉन इंडिया कॉन्फ्रेंस में बोले पीएम नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सेमीकॉन इंडिया 2025 कार्यक्रम का उद्धाटन किया। इस दौरान मोदी ने सेमीकंडक्टर चिप की विशेषताएं और उसके महत्व पर बात की। मोदी ने कहा कि भारत अब बैकएंड से निकलकर फुल स्टैंड सेमीकंडक्टर नेशन बनने की तरफ बढ़ रहा है। वह दिन दूर नहीं है जब भारत की सबसे छोटी चिप दुनिया में सबसे बड़ा बदलाव लाएगी। बेशक, हमारी यात्रा देर से शुरू हुई लेकिन अब हमें कोई रोक नहीं सकता।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, सेमीकंडक्टर की दुनिया में एक बात कही जाती है कि तेल काला सोना है, लेकिन चिप्स डिजिटल हीरे हैं। हमारी पिछली शताब्दी को तेल ने आकार दिया था, दुनिया का भाग्य तेल के कुंओं से तय होता था। लेकिन 21वीं शताब्दी की शक्ति छोटी सी चिप में सिमट कर रह गई है। यह चिप भले छोटी सी है मगर इसमें दुनिया की प्रगति को बड़ी गति देने की ताकत है। इसलिए ही आज सेमीकंडक्टर का ग्लोबल मार्केट 600 बिलियन डॉलर तक पहुंच गया है जो आने वाले वर्षों में 1 ट्रिलियन डॉलर को पार कर जाएगा। जिस तरह से भारत आगे बढ़ रहा है, इस 1 ट्रिलियन डॉलर के बाज़ार में देश की महत्वपूर्ण हिस्सेदारी होने वाली है।
मोदी ने कहा, हम जल्द ही अगली पीढ़ी के सुधारों की शुरुआत करेंगे। विश्व आज भारत पर भरोसा करता है, भारत में विश्वास करता है और भारत के साथ सेमीकंडक्टर का भविष्य बनाने के लिए तैयार है। अगर इसी दिशा में विकास जारी रहा, तो भारत की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की यात्रा निश्चित रूप से तेज़ होगी। कुछ दिन पहले, इस साल की पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़े जारी किए गए। एक बार फिर, भारत ने हर उम्मीद और अनुमान से बेहतर प्रदर्शन किया है, भारत ने 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है, और यह वृद्धि सभी क्षेत्रों में दिखाई दे रही है।
