April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

टुकड़ों में तक्सीम हो गए…ऑपरेशन सिंदूर के दौरान मसूद अजहर के परिजनों के मारे जाने को लेकर जैश कमांडर का कबूलनामा

नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। इस दौरान जैश ए मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर के परिवार के 14 लोग मारे गए थे। अब इस घटना के चार महीने बीत जाने के बाद जैश कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने यह कबूल किया है कि ऑपरेशन सिंदूर से मसूद अजहर का परिवार तबाह हो गया। इलियास कश्मीरी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वो कह रहा है कि 7 मई को बहावलपुर में मौलाना मसूद अजहर के परिवार के लोग रेजा-रेजा हो गए, टुकड़ों में तक्सीम हो गए।

इलियास कश्मीरी का यह वीडियो पाकिस्तान में एक रैली का बताया जा रहा है। इलियास कश्मीरी को मसूद अजहर का करीबी माना जाता है और वो युवाओं का ब्रेन वॉश करके उनको जैश में शामिल कराता है। एनआईए के मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों में इलियास का भी नाम है। आपको बता दें कि अपने लोगों की मौत से दुखी मसूद अजहर ने भी पहले कहा था कि काश, इस हमले में मैं भी मारा जाता। आपरेशन सिंदूर में मौलाना मसूद अजहर की बड़ी बहन के साथ मौलाना कशफ का पूरा परिवार खत्म हो गया। गौरतलब है कि भारतीय सशस्त्र बलों ने 6-7 मई की देर रात 1 बजकर 5 मिनट से लेकर 1 बजकर 30 मिनट के बीच पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए 9 आतंकी ठिकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया था।

इस हमले में 100 से ज्यादा आतंकी मारे गए थे। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमलों में 26 लोगों की मौत का बदला लेने के लिए भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक की और इसे ऑपरेशन सिंदूर का नाम दिया था। पाकिस्तान की ओर से किए गए हमले की जवाबी कार्रवाई में भारतीय मिसाइलों ने उसके सैन्य ठिकानों को भारी क्षति पहुंचाई थी और पाकिस्तान को सीजफायर के लिए गिड़गिड़ाना पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *