April 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नेपाल में Gen Z का प्रदर्शनकारियों ने पीएम केपी शर्मा ओली के इस्तीफे तक विरोध जारी रखने का एलान किया

काठमांडू। नेपाल में Gen Z का पीएम केपी शर्मा ओली सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन अभी जारी है। प्रदर्शनकारी पीएम केपी शर्मा ओली के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। नेपाल के संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग के घर आगजनी की भी खबर है। इस प्रदर्शन में 19 लोगों की मौत और 350 के करीब लोगों के घायल होने के बाद पहले नेपाल के गृहमंत्री रमेश लेखक ने पद से इस्तीफा दिया। अब खबर है कि ओली सरकार के कृषि मंत्री रामनाथ अधिकारी और स्वास्थ्य मंत्री प्रदीप पौडेल ने भी पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में पीएम केपी शर्मा ओली की सरकार के लिए संकट बढ़ने के आसार दिख रहे हैं।

जेन जेड यानी युवाओं के विरोध-प्रदर्शन के सामने झुकते हुए पीएम केपी शर्मा ओली ने सोमवार देर रात नेपाल में सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगाया गया बैन हटाने का एलान किया था। नेपाल में अब सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म चल रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारियों का अब कहना है कि ओली सरकार के दौर में नेपाल में भ्रष्टाचार चरम पर है। पीएम ओली के इस्तीफे तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। नेपाल के पीएम ओली ने इससे पहले सोमवार को हुई हिंसा और प्रदर्शनकारियों की फायरिंग में मौत की जांच के लिए कमेटी बनाने और 15 दिन में रिपोर्ट लेने की बात कही थी। उन्होंने ये आरोप भी लगाया था कि जेन जेड के शांतिपूर्ण प्रदर्शन में असामाजिक तत्व घुस गए और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिए बल प्रयोग करना पड़ा।

नेपाल के पीएम केपी शर्मा ओली ने 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बैन लगा दिया था। ओली सरकार ने कहा था कि नेपाल में इन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को रजिस्ट्रेशन कराना होगा। बैन के दायरे से सिर्फ चीन में बने टिकटॉक को ही बाहर रखा गया था। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर बैन के खिलाफ हजारों की संख्या में युवा नेपाल की राजधानी काठमांडू की सड़कों पर उतरे। उन्होंने संसद भवन पर धावा बोल दिया था। जिसके बाद पुलिस ने फायरिंग की थी। इसमें युवाओं की मौत और घायल होने के बाद हालात और विकट हो गए। नेपाल के पोखरा और विराटनगर समेत अन्य शहरों में भी युवा सड़कों पर उतरे थे। जिसके बाद काठमांडू समेत कई शहरों में कर्फ्यू लगाकर हालात संभालने के लिए सेना लगानी पड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *