‘आंख के बदले आंख नहीं सिर होगा’, ईरान की ओर से अमेरिका और इजरायल को नई चेतावनी
तेहरान। ईरान ने अब अमेरिका और इजरायल को नई चेतावनी दी है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) के पूर्व प्रमुख मोहसेन रेजाई ने कहा है कि अगर अमेरिका और इजरायल ने इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमला किया, तो ये आंख के बदले आंख लेने का मामला नहीं रहेगा, ये आंख के बदले सिर होगा। रेजाई ने कहा कि अमेरिका और इजरायल अपाहिज हो जाएंगे। इससे साफ है कि ईरान की ओर से युद्ध खत्म नहीं किया जाएगा।
आईआरजीसी के पूर्व प्रमुख रेजाई ने ये भी कहा कि अमेरिका और इजरायल के खिलाफ युद्ध उस वक्त तक जारी रहेगा जब तक कि सभी नुकसान की भरपाई नहीं होती, सभी आर्थिक पाबंदिया नहीं हटाई जातीं और ईरान को ये गारंटी नहीं मिलती कि अमेरिका अब दखल नहीं देगा। उन्होंने कहा कि ये ईरान, हमारे नेता और हमारी सेना का फैसला है। इससे पहले ईरान की सरकार और वहां की सेना ये दावा कर चुकी है कि वो अमेरिका और इजरायल के खिलाफ अगले 10 साल तक युद्ध लड़ सकती है। जबकि, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतनयाहू ये दावा कर रहे हैं कि ईरान की ज्यादातर मिसाइल और ड्रोन को नष्ट कर दिया गया है।
अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी से ईरान के खिलाफ हमले शुरू किए थे। इस तरह ईरान युद्ध को 25 दिन हो चुके हैं। पहले दिन इजरायल के विमानों ने ताबड़तोड़ बमबारी कर ईरान के तत्कालीन सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई समेत कई बड़े नेताओं और सैन्य अफसरों की जान ली थी। अमेरिका के हमले में ईरान के एक और बड़े नेता अली लारीजानी की भी मौत हो चुकी है। इसके बावजूद अमेरिका और इजरायल अब तक ईरान को पस्त नहीं कर सके हैं। ट्रंप ने सोमवार को कहा था कि पांच दिन तक ईरान के पावर प्लांट्स पर हमले नहीं किए जाएंगे, लेकिन इजरायल और अमेरिका ने रात में ही इस्फहान और खुर्रमशहर में पावर और गैस प्लांट्स पर जोरदार हमले बोले।
