पहले हाथ मिलाया, फिर गले लगाया, पीएम नरेंद्र मोदी ने एयरपोर्ट पर कुछ तरह से किया रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का स्वागत
नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपनी दो दिवसीय भारत यात्रा पर आज दिल्ली पहुंचे। उनका हवाई जहाज दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ‘खास दोस्त’ की अगवानी के लिए प्रोटोकॉल तोड़कर खुद एयरपोर्ट पर पहुंचे। पुतिन जब प्लेन से नीचे उतरे तो रेड कार्पेट पर पीएम मोदी ने उनके स्वागत के लिए मौजूद थे। दोनों नेताओं ने पहले बहुत ही गर्मजोशी के साथ एक दूसरे से हाथ मिलाया और उसके बाद गले मिले। इसके बाद दोनों नेता एक ही कार में बैठकर एयरपोर्ट से पीएम आवास के लिए रवाना हुए।
मोदी ने पुतिन के सम्मान में पीएम आवास में एक प्राइवेट डिनर रखा हुआ है। इस दौरान वहां दोनों नेताओं के साथ सिर्फ ट्रांसलेटर मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि मोदी और पुतिन के बीच इस प्राइवेट डिनर के दौरान कुछ विशेष मुद्दों पर गुप्त चर्चा हो सकती है। पुतिन और मोदी कल 5 दिसंबर को 23वीं भारत-रूस सालाना समिट में शामिल होंगे और द्विपक्षीय बैठक के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। मोदी और पुतिन ने बिना कुछ कहे ही पूरी दुनिया को यह संदेश दे दिया है कि भारत और रूस के रिश्ते कितने गहरे हैं।
मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट पर पुतिन के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, अपने दोस्त, राष्ट्रपति पुतिन का भारत में स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। आज और कल होने वाली हमारी बातचीत का बेसब्री से इंतजार है। भारत-रूस मित्रता समय की कसौटी पर खरी उतरी है और इससे हमारे लोगों को बहुत लाभ हुआ है। इससे पूर्व भारत रवाना होने से पहले पुतिन ने इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि भारत से व्यापारिक संबंधों से ज्यादा वो निजी रिश्ते को अहमियत देते हैं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात को लेकर उत्साहित होने की बात भी कही थी।
