March 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

गायक कुमार सानू ने अपनी पूर्व पत्नी के खिलाफ दर्ज कराया मानहानि का मुकदमा, 50 करोड़ का मांगा हर्जाना

नई दिल्ली। बॉलीवुड के मशहूर गायक कुमार सानू ने अपनी पूर्व पत्नी रीता भट्टाचार्य के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने खुद पर लगाए बेबुनियाद आरोपों और अपनी छवि खराब किए जाने को लेकर 50 करोड़ रुपए का हर्जाना मांगा है। कुमार सानू की तरफ से उनकी वकील सना रईस खान ने बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। इसमें कोर्ट से यह अनुरोध किया गया है कि उनकी पूर्व पत्नी के आरोपों वाली पोस्ट और इंटरव्यू को डिलीट करने के लिए मेटा और अन्य सोशल मीडिया साइट्स को निर्देश दिया जाए।

इसके साथ ही कोर्ट से यह मांग भी की गई है कि रीता भट्टाचार्य को कुमार सानू और उनके परिवार के खिलाफ कुछ भी पोस्ट करने या टिप्पणी करने से रोका जाए। दरअसल यह पूरा मामला रीता भट्टाचार्य के एक इंटरव्यू को लेकर शुरू हुआ। सितंबर 2025 में रीता ने एक इंटरव्यू दिया था जिसमें उन्होंने अपने पूर्व पति कुमार सानू पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था जब वो प्रेग्नेंट थीं और तीसरे बच्चे को जन्म देने वाली थीं उस वक्त सानू ने उनको प्रताड़ित किया, यहां तक कि उनको खाना और दवाइयां भी नहीं लेने देते थे। गर्भावस्था के दौरान उन्हें तलाक के केस की वजह से अदालतों के चक्कर काटने पड़े। रीता ने यह भी कहा कि कुमार सानू मुझे और बच्चों को छोड़कर भाग गया।

मुंबई की बांद्रा फैमिली कोर्ट में 9 फरवरी 2001 को कुमार सानू और रीता का तलाक हो चुका है। कुमार सानू की वकील के मुताबिक तलाक के समय कोर्ट के दस्तावेज में कहा गया था कि कोई भी एक दूसरे के खिलाफ भविष्य में किसी प्रकार के कोई आरोप नहीं लगाएगा और न ही बयानबाजी करेगा। अब रीता के द्वारा इंटरव्यू में इस प्रकार के आरोप लगाना अदालत के आदेश की अवहेलना है। याचिका में कहा गया कि रीता के आरोपों की वजह से कुमार सानू को काफी मेंटल स्ट्रेस से गुजरना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *