बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के लिए जारी किए नए नियम
नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के लिए बीसीसीआई ने कुछ नए नियम जारी किए हैं। इसमें टीमों के प्रैक्टिस सेशन से लेकर ट्रैवल तक से संबंधित गाइडलाइन बनाई गई है जिसका अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। बीसीसीआई ने कोई भी टीम जब प्रैक्टिस या मैच खेलने के लिए मैदान पर जाएगी तो सभी खिलाड़ियों को टीम बस में ही आना जाना होगा। कोई भी खिलाड़ी अपने निजी वाहन का उपयोग नहीं करेगा। कई बार ऐसा होता है कि जब किसी खिलाड़ी का होम ग्राउंड पर मैच होता है तो वो अपने घर से निजी कार से स्टेडियम पहुंचते हैं। लेकिन अब खिलाड़ियों को इसकी इजाजत नहीं होगी। इसके अलावा टीम के खिलाड़ियों के साथ उनके परिवार के लोगों और दोस्तों को ट्रेवल की इजाजत नहीं होगी।
बीसीसीआई ने मैच वाले दिन मैदान पर प्रैक्टिस सेशन पर रोक लगा दी है। वहीं किसी भी टीम को 2 से ज्यादा प्रैक्टिस मैच खेलने की इजाजत नहीं मिलेगी। प्रैक्टिस मैच खेलने से पहले टीम को बीसीसीआई से इजाजत लेना जरूरी होगा। सभी टीमों को यह भी ध्यान रखना होगा कि कोई भी प्रैक्टिस मैच साढ़े तीन घंटे से ज्यादा का न हो। इसके अलावा बीसीसीआई ने मैच के दौरान खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को मैदान पर लगे LEB बोर्ड के पास बैठने से बैन कर दिया है।
कोई भी टीम प्रैक्टिस नेट्स शेयर नहीं करेगी। अभ्यास के लिए हर टीम को नया नेट्स मिलेगा। कोई भी होम टीम जिस जिस पिच पर अपना पहला मैच खेलेगी, उस पर 4 दिन पहले से ही अभ्यास की इजाजत नहीं होगी। मैच के बाद प्रेजेंटेशन के लिए अब खिलाड़ी स्लीवलेस जर्सी या फ्लॉपी हैट पहनकर नहीं आ सकेंगे। बीसीसीआई ने इसके लिए ड्रेस कोड लागू किया है। अगर पहली बार कोई खिलाड़ी इसे नहीं मानता तो उसे वार्निंग दी जाएगी जबकि दोबारा नियम पालन न करने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
