पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी को जल्द लाया जाएगा भारत, औपचारिकताएं पूरी करने के लिए सीबीआई टीम लंदन में
नई दिल्ली। पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी के बारे में बड़ी खबर है। जानकारी के मुताबिक भगोड़े हीरा कारोबारी को जल्दी ही भारत लाया जाएगा। इसके लिए सीबीआई की टीम लंदन में है। नीरव मोदी को भारत प्रत्यर्पित किए जाने संबंधी सभी औपचारिकताओं को सीबीआई की टीम पूरी कर रही है। नीरव मोदी पर पीएनबी से 6400 करोड़ के करीब की धोखाधड़ी का आरोप है। पीएनबी घोटाला करने के बाद नीरव मोदी लंदन भाग गया था। सीबीआई के रेड कॉर्नर नोटिस पर नीरव मोदी को साल 2019 में लंदन मेट्रोपोलिटन पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
ब्रिटेन के सभी कोर्ट से नीरव मोदी के प्रत्यर्पण को मंजूरी मिल चुकी है। नीरव मोदी ने भारत प्रत्यर्पण रोकने के लिए एक के बाद एक अपील की, लेकिन सभी अदालतों ने पीएनबी घोटाले के आरोपी की अपीलों को खारिज कर दिया। अब नीरव मोदी को अगले कुछ हफ्तों में भारत लाए जाने की उम्मीद है। नीरव मोदी ने आखिरी बार लंदन के किंग्स बेंच डिवीजन में प्रत्यर्पण आदेश को चुनौती दी थी। उसने फिर से अपना मामला खोलने की मांग कोर्ट से की, लेकिन लंदन के कोर्ट ने नीरव मोदी की अपील को ये कहते हुए खारिज कर दिया कि याचिका में कोई असाधारण आधार नहीं कि मामले को फिर खोला जाए।
नीरव मोदी ने भारत प्रत्यर्पण रोकने के लिए यूरोप के कोर्ट ऑफ ह्यूमन राइट्स और फ्रांस में भी अर्जियां दे रखी हैं। इन पर भी इसी महीने सुनवाई होगी। भारत ने दोनों अदालतों में नीरव मोदी के अपराध संबंधी जानकारी मुहैया करा दी है। ऐसे में नीरव मोदी को अब भारत आकर कानून का सामना करना पड़ेगा। पहले ही नीरव मोदी की संपत्तियां जब्त कर उनको नीलाम किया जा चुका है। जिससे बैंकों का बकाया निकला है, लेकिन इसके बावजूद घोटाला कर 6400 करोड़ की चपत लगाने वाले नीरव मोदी को कानून के तहत कोर्ट में पेश होना पड़ेगा। पीएनबी घोटाले में नीरव मोदी का मामा मेहुल चोकसी भी आरोपी है। मेहुल चोकसी अभी बेल्जियम की जेल में है। वहां से उसके प्रत्यर्पण का केस चल रहा है।
