June 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ममता बनर्जी ने दो विधायकों ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को टीएमसी से निकाला, जानिए माजरा

कोलकाता। ममता बनर्जी की टीएमसी ने अपने दो विधायकों ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को पार्टी से निकाल दिया है। टीएमसी ने ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाया है। टीएमसी ने दोनों विधायकों के खिलाफ ये कार्रवाई सीएम शुभेंदु अधिकारी के उस खुलासे के तुरंत बाद किया, जिसमें उन्होंने कहा कि ऋतब्रत और संदीपन ने पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की थी कि नेता विपक्ष के नाम के प्रस्ताव पर उनके दस्तखत फर्जी हैं।

टीएमसी के महासचिव और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने शोभनदेव चटर्जी को नेता विपक्ष बनाने का प्रस्ताव पत्र पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष को भेजा था। इसके बाद टीएमसी के कुछ विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से शिकायत की थी कि इस प्रस्ताव पत्र पर उनके किए दस्तखत नहीं हैं। इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने पश्चिम बंगाल सीआईडी को जांच सौंपी। सीआईडी ने इस कथित फर्जीवाड़े की जांच के लिए डीआईजी की अध्यक्षता में एसआईटी बनाई है। फर्जी दस्तखत मामले में सीआईडी ने अभिषेक बनर्जी को भी 1 जून को तलब किया था, लेकिन अभिषेक बनर्जी बीते दिनों पश्चिम बंगाल के सोनारपुर में भीड़ से घिरकर चोटिल हुए हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की टीएमसी को 80 सीट पर जीत मिली थी। अब ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को पार्टी से निकालने के बाद पार्टी के विधायकों की संख्या 78 हो गई है। ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को टीएमसी ने पार्टी से निकाला है। इस वजह से उनकी सदस्यता पर कोई खतरा नहीं है। दोनों को टीएमसी का व्हिप भी अब नहीं मानना पड़ेगा और वे अगर चाहें, तो बीजेपी के पक्ष में वोटिंग कर सकते हैं। इससे पहले रविवार को ममता बनर्जी ने सभी विधायकों की बैठक बुलाई थी, लेकिन उसमें 80 में से सिर्फ 20 विधायक ही पहुंचे थे। जिसके बाद बैठक कैंसल हो गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *