June 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) संसदीय दल की बैठक में व्हिप के बावजूद नहीं पहुंचे 6 सांसद, पार्टी में टूट तय

नई दिल्ली। उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) के संसदीय दल की बैठक में आज 9 में से सिर्फ 3 सांसद ही पहुंचे। दिल्ली में बुलाई गई इस बैठक में सांसद अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राजा वाजे मौजूद रहे। यह स्थिति तब हुई जब बैठक में शामिल होने के लिए सभी सांसदों को पार्टी की ओर से व्हिप जारी किया गया था। इस हालिया घटनाक्रम को देखते हुए उद्धव ठाकरे की पार्टी में टूट तय मानी जा रही है। अटकलों के मुताबिक बैठक से अनुपस्थित रहने वाले 6 बागी सांसद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो सकते हैं। वहीं यूबीटी शिवसेना बागी सांसदों पर व्हिप के उल्लंघन पर कार्रवाई करेगी। सांसद अनिल देसाई ने बताया कि अनुपस्थित सांसदों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।

सांसद जो बैठक में नहीं पहुंचे-

– संजय दिना पाटिल (मुंबई उत्तर पूर्व लोकसभा सीट)

– संजय देशमुख (यवतमाल-वाशिम लोकसभा सीट)

– नागेश पाटिल अष्टीकर (हिंगोली लोकसभा सीट)

– ओमप्रकार राजे निंबालकर (धाराशिव लोकसभा सीट)

– भाऊसाहेब वाकचौरे (शिर्डी लोकसभा सीट)

– संजय जाधव (परभणी लोकसभा सीट)

शिवसेना यूबीटी के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने अभी एक दिन पहले ही बागी सांसदों को चेतावनी देते हुए कहा था कि बेईमानी की तो छोड़ेंगे नहीं। वहीं राउत ने आज कहा कि जो सदस्य बैठक में शामिल नहीं हुए, उन्हें माफ नहीं किया जाएगा। हम इसे पार्टी अनुशासन और व्हिप का उल्लंघन मानते उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई शुरू हो चुकी है। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे, उनसे जवाब मांगा जाएगा और हम उन्हें अयोग्य ठहराने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। उन्होंने अनुपस्थित सांसदों के लिए आगे कहा, आप अभी भी पार्टी के सदस्य हैं। आपने हमारी पार्टी के नाम और चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था। आपने पार्टी व्हिप का उल्लंघन किया है, तो आपके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इस बार गद्दारी बहुत महंगी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *