बांकीपुर से अब नीरज कुमार सिन्हा होंगे बीजेपी के कैंडिडेट, अभिषेक कुमार ने वापस ले लिया नामांकन
नई दिल्ली। बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी कैंडिडेट अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ ‘बंटी’ ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। इसके पीछे उन्होंने पारिवारिक कारणों का हवाला दिया है। वहीं बीजेपी ने अब नीरज कुमार सिन्हा को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। नामांकन वापसी के बाद पत्रकारों से बात करते हुए अभिषेक कुमार ने उस पत्र को पढ़कर सुनाया जो उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को भेजा है। इसमें उन्होंने पारिवारिक कारणों के चलते विधानसभा उपचुनाव लड़ने में असमर्थता जताई है। उन्होंने कहा कि मैं एक कार्यकर्ता के नाते निष्ठापूर्वक पार्टी की सेवा करता रहूंगा।
बीजेपी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक थे। राज्यसभा सदस्यता ग्रहण करने के बाद नितिन नबीन ने बंकीपुर सीट से इस्तीफा दे दिया और इस वजह से वहां उपचुनाव हो रहा है। बीजेपी ने युवा नेता अभिषेक कुमार बंटी को यहां से उम्मीदवार बनाया था। अभिषेक ने एक दिन पहले गुरुवार को ही अपना नामांकन दाखिल किया था। अब नामांकन दाखिल करने के अगले दिन उन्होंने नाम वापस ले लिया। जिसके बाद बीजेपी ने दूसरे कैंडिडेट के तौर पर नीरज कुमार सिन्हा को खड़ा कर दिया। बांकीपुर चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त मतगणना के बाद रिजल्ट घोषित किया जाएगा। बांकीपुर से जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर भी चुनाव मैदान में हैं। जबकि लालू यादव की पार्टी आरजेडी ने रेखा गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।
नीरज कुमार सिन्हा युवा हैं और काफी लंबे समय से बीजेपी से जुड़े हुए हैं। वह पटना में रहते हैं और भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष और दो बार मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं। दूसरी तरफ, अभिषेक कुमार सिन्हा के अचानक नामांकन वापसी के बाद राजनीतिक हलके में हलचल शुरू हो गई है। विपक्षी दल बीजेपी को घेरने का प्रयास कर रहे हैं।
