सावधान! आंध्र प्रदेश के बाद अब महाराष्ट्र में मिल रहे कोरोना मरीज, जानिए अब तक कोविड-19 के कितने केस?
नई दिल्ली। आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले के बाद अब महाराष्ट्र में भी कोविड-19 यानी कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ी है। आंध्र प्रदेश में अब तक कोरोना के 12 मरीज मिल चुके हैं और 4 की जान जा चुकी है। वहीं, महाराष्ट्र में कोरोना मरीजों की तादाद 21 तक हो चुकी है। जुलाई में महाराष्ट्र में कोविड-19 के 21 मरीज मिले हैं। जबकि, राज्य में जून में 11 कोरोना मरीज मिले थे। इस वजह से डॉक्टरों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
खास बात ये है कि लोगों को सर्दी-जुकाम वगैरा हो रहा है। जब डॉक्टर टेस्ट करा रहे हैं, तो कोरोना का वायरस होने का पता चल रहा है। कोरोना के मरीजों में खांसी, जुकाम, थकान जैसे लक्षण दिख रहे हैं। अगर आपको भी कभी ऐसे लक्षण दिखें, तो कोरोना का टेस्ट जरूर कराएं। देश में इस साल कोरोना वायरस का पहला मरीज कडप्पा जिले में 26 जून को मिला था। 1 से 16 जुलाई के बीच कडप्पा, गुंटूर, काकीनाडा और विशाखापत्तनम में कोरोना के मरीज मिले। इसके बाद यहां स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। हालांकि, विशेषज्ञ कह रहे हैं कि फिलहाल हालात कोविड-19 की नई लहर आने का कोई संकेत नहीं दे रहे।
कोरोना वायरस के बारे में कहा जाता है कि चीन के वुहान स्थित वायरोलॉजी लैब से ये बाहर निकला। कोरोना सबसे पहले वुहान में ही फैला था। जिसके बाद ये दुनियाभर में तेजी से फैला। इसके कई वैरिएंट आए। कोविड-19 के डेल्टा वैरिएंट से दुनियाभर में करोड़ों लोगों की जान गई थी। कोरोना के इस वैरिएंट से भारत में भी लाखों लोगों ने जान गंवाई। दुनियाभर में इस वायरस की ऐसी दहशत हो गई कि भारत समेत सभी जगह लंबे वक्त तक लॉकडाउन भी लगाना पड़ा था। वैज्ञानिकों ने पहले ही कहा था कि कोरोना वायरस अब खत्म नहीं होगा और बीच-बीच में लौटकर आता रहेगा। फिलहाल, भारत के और हिस्सों से कोरोना मरीज नहीं मिले हैं। इस वजह से चिंता की बात नहीं, लेकिन सावधान रहना जरूरी है।
