August 9, 2026

Hind foucs news

hindi new update

क्या अमित शाह पास कराएंगे एफसीआरए संशोधन बिल?, संसद के मौजूदा सत्र में बचे हैं सिर्फ 4 दिन

नई दिल्ली। संसद का मॉनसून सत्र 13 अगस्त तक है। यानी संसद के मौजूदा सत्र में अब सिर्फ 4 दिन बचे हैं। ऐसे में चर्चा ये हो रही है कि क्या संसद के इस सत्र में मोदी सरकार एफसीआरए संशोधन, परिसीमन और महिला आरक्षण संशोधन बिल पास कराएगी? सूत्रों के हवाले से आई मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मोदी सरकार संसद के इस सत्र में परिसीमन बिल और महिला आरक्षण संशोधन बिल शायद ही पास कराए। जबकि, गृहमंत्री अमित शाह 11 या 12 अगस्त को एफसीआरए संशोधन बिल पेश कर सकते हैं।

परिसीमन बिल की तरह एफसीआरए संशोधन बिल के खिलाफ भी विपक्ष है। विपक्ष के साथ ही ईसाई संगठन भी एफसीआरए बिल का विरोध कर रहे हैं। इन सभी को आशंका है कि एफसीआरए संशोधन बिल पास कराकर मोदी सरकार ईसाइयों के धार्मिक स्थलों पर कब्जा कर लेगी। बीते दिनों गृहमंत्री अमित शाह ने ईसाई संगठनों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी इस आशंका को खत्म करने की कोशिश भी की। चर्चा इसकी भी है कि ईसाई संगठनों का डर दूर करने के लिए सरकार एफसीआरए संशोधन बिल में कुछ बदलाव कर सकती है। सरकार की ओर से पहले ही कहा जा चुका है कि उसका इरादा किसी धार्मिक स्थल को कब्जा करने का नहीं है।

एफसीआरए संशोधन बिल के पेश होने की संभावना इस वजह से दिख रही है, क्योंकि बीजेपी और कांग्रेस ने 11, 12 और 13 अगस्त के लिए अपने सांसदों को व्हिप जारी किया है। एफसीआरए संशोधन बिल को मोदी सरकार लोकसभा और राज्यसभा में सामान्य बहुमत से पास करा सकती है। इसके लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत नहीं पड़ने वाली। वहीं, कांग्रेस और विपक्षी दल लगातार ये मांग कर रहे हैं कि दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और पैलेट गन चलाने पर अमित शाह संसद में पहले बयान दें। उसके बाद ही कार्यवाही चल सकेगी। हालांकि, विपक्ष के हंगामे के बीच सरकार ने कई अहम बिल पास कराए हैं। अब देखना है कि 13 अगस्त तक एफसीआरए बिल को भी वो पास कराती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *