अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ा, अब कौन संभालेगा जिम्मेदारी?
नई दिल्ली। पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी में उथल पुथल मची हुई है। खबर है कि कांग्रेस के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने अपना पद छोड़ दिया है। पिछले काफी समय से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थक राजा वड़िंग का विरोध करते हुए उनको हटाए जाने की मांग पार्टी आलाकमान से कर रहे थे। वहीं गुरदासपुर से कांग्रेस सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा भी राजा वड़िंग का विरोध करने वालों में शामिल थे। बताया जा रहा है कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने उनसे फोन पर बात की थी।
अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को अप्रैल 2022 में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। मगर कुछ दिनों से पार्टी में गुटबाजी के चलते उनका विरोध शुरू हो गया था। अब जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद खाली हो गया है तो ऐसे में इस बात को लेकर चर्चा शुरू हो गई है कि अब पंजाब में कांग्रेस की कमान किस नेता को सौंपी जाएगी। फिलहाल नए प्रदेश अध्यक्ष के लिए कांग्रेस के कई नेता रेस में हैं जिनके नामों पर संभावित चर्चा हो रही है। पंजाब के पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंगला अध्यक्ष पद के सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को भी प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी सौंपी जा सकती है।
एक और नाम जो कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए काफी चर्चा में है वो सुखजिंदर सिंह रंधावा का है। हालांकि रंधावा राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी हैं ऐसे में अगर उनको पंजाब का प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाता है तो फिर से पार्टी में कलह हो सकती है क्योंकि पंजाब के प्रभारी सचिन पायलट हैं जो राजस्थान से ही आते हैं। वहीं जाट सिख समुदाय से आने वाले जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह भी प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार माने जा रहे हैं।
