यूपी के 10 जिलों की 57 सीटों पर वोटिंग जारी, अब तक 42 फीसदी मतदान
लखनऊ। यूपी में आज छठे दौर की वोटिंग हो रही है। वोटिंग शाम 6 बजे तक होगी। इससे पहले प्रदेश में चुनाव आयोग 5 दौर की वोटिंग करा चुका है। आज के चुनाव की खास बात ये है कि अब ये पूर्वांचल में हो रहा है। इस इलाके में बीएसपी का भी दबदबा रहा है। 10 जिलों की 57 सीटों पर आज हो रही वोटिंग की पल-पल की खबर आप यहां जान सकते हैं।
-यूपी के 10 जिलों की 57 सीटों पर 03 बजे तक औसतन 42 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। पिछली बार पूरे दिन में औसत वोटिंग 56.52 फीसदी हुई थी।
-गोरखपुर जिले में 21.73, कुशीनगर में 23.23, अंबेडकरनगर में 23.15, बलिया में 21.85, बलरामपुर में 18.81, बस्ती जिले में 23.31, देवरिया जिले में 19.64, महराजगंज में 21.22, संत कबीरनगर जिले में 20.74 और सिद्धार्थनगर में 23.48 फीसदी वोटिंग सुबह 11 बजे तक हुई है।
-उत्तर प्रदेश के छठे दौर के चुनाव में सुबह 9 बजे तक औसत 8.69 फीसदी मतदान हुआ। अब तक अम्बेडकरनगर में 9.54 फीसदी, बलिया में 7.59 फीसदी, बलरामपुर में 8.10 फीसदी, बस्ती में 9.83 फीसदी, देवरिया में 8.44 फीसदी, गोरखपुर में 8.92 फीसदी, कुशीनगर में 9.69 फीसदी, महराजगंज में 8.90 फीसदी संत कबीर नगर में 6.76 फीसदी और सिद्धार्थनगर जिले में 8.24 फीसदी वोटिंग हुई है।
-यूपी की 57 सीटों पर छठे दौर में वोटिंग जारी है। कई जगह वोटरों की लंबी कतारें लगी हैं। फिलहाल किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
-बलिया में सदर विधानसभा क्षेत्र के बीजेपी प्रत्याशी दयाशंकर सिंह के काफिले पर बुधवार रात अराजक तत्वों ने हमला किया। ईंट-पत्थर फेंकने से वाहन क्षतिग्रस्त होने की खबर है। दयाशंकर सिंह ने इस हमले के पीछे सपा प्रत्याशी नारद राय को जिम्मेदार ठहराया है।
-सीएम योगी आदित्यनाथ ने सुबह ही पोलिंग स्टेशन जाकर मतदान किया।
