June 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ब्रिटेन के नए सम्राट चार्ल्स ने शुरू किया परिवार के बीच कामकाज का बंटवारा, जानिए किसे दी अपनी प्रिंस ऑफ वेल्स की उपाधि

लंदन। ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के निधन के बाद अब राजपरिवार में कामकाज का बंटवारा शुरू हो गया है। महारानी की सबसे बड़ी संतान चार्ल्स देश के नए सम्राट होंगे। इस बारे में आज प्रिवी काउंसिल की तरफ से आदेश जारी किया जाएगा। इससे पहले चार्ल्स ने शुक्रवार को राष्ट्र को संबोधित किया। अपने संबोधन में चार्ल्स ने बताया कि उन्होंने अपने बड़े बेटे प्रिंस विलियम को प्रिंस ऑफ वेल्स का खिताब देने का फैसला किया है। सम्राट चार्ल्स ने ये भी कहा कि वो अपने छोटे बेटे प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल से भी बहुत प्यार करते हैं। चार्ल्स ने टीवी के जरिए अपने संबोधन में कहा कि वो अपने जीवन पर्यंत ब्रिटेन के लिए काम करते रहेंगे।

चार्ल्स ने महारानी के निधन के बाद पहली बार राष्ट्र को संबोधित किया है। अपने संबोधन में चार्ल्स ने मां और पिछले साल गुजरे पिता प्रिंस फिलिप को याद किया। उन्होंने कहा कि आज वो जो कुछ भी हैं, वो महारानी एलिजाबेथ की वजह से ही हैं। चार्ल्स ने अपनी पत्नी कैमिला पार्कर बाउल्स की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि पिछले 17 साल से कैमिला हमेशा उनके सुख-दुख में साथ रही हैं। चार्ल्स ने देशवासियों का शुक्रिया भी अदा किया कि उन्होंने महारानी के निधन से उपजे गम में उनका साथ दिया।

इससे पहले बाल्मोरल से लंदन पहुंचे चार्ल्स और कैमिला ने बकिंघम पैलेस के बाहर इकट्ठा लोगों से मुलाकात की। दंपति ने लोगों को इस मुश्किल घड़ी में साथ देने के लिए धन्यवाद दिया। वहीं, चार्ल्स और कैमिला ने आम लोगों की तरफ से दिवंगत महारानी को श्रद्धांजलि के तौर पर रखे गए गुलदस्तों को भी देखा। महारानी का गुरुवार को निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार कुछ दिनों बाद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *