May 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

खतरनाक बनकर गुजरात की तरफ बढ़ रहा है बिपरजॉय चक्रवात, उत्तरी राज्यों में अभी जारी रहेगा लू का कहर

नई दिल्ली। अरब सागर से उठा बिपरजॉय चक्रवात भयानक रूप लेता दिख रहा है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक अगले 36 घंटे में बिपरजॉय चक्रवात गुजरात के पास उत्तर-पूर्वी दिशा में बढ़ेगा। इस चक्रवात का असर कई तटीय इलाकों में देखा जाएगा। आईएमडी की चेतावनी के बाद गुजरात और आसपास के राज्यों में सतर्कता बरती जा रही है। बिपरजॉय से खतरे को देखते हुए गुजरात के वलसाड जिले में तिथल बीच पर पर्यटकों का जाना रोक दिया गया है। 14 जून तक ये प्रतिबंध लगाया गया है। तिथल बीच पर ऊंची लहरें आ रही हैं। मछुआरों को भी समुद्र में जाने से मना किया गया है। दरियाकांठा गांव के लोगों को हटाने की तैयारी है। उनके लिए राहतकर्मियों ने पहले ही कैंप बना लिया है।

आईएमडी के अनुसार गुजरात और आसपास बिपरजॉय चक्रवात का ज्यादा असर देखा जाएगा। वहीं, इसकी वजह से दक्षिण भारत के राज्यों में भी बारिश होने के आसार हैं। केरल में पहले ही मॉनसून पहुंच गया है। लक्षद्वीप में भी मॉनसून सक्रिय है। केरल में राजधानी तिरुवनंतपुरम, पठनमथिटा, कोल्लम, अलपुझा, कोट्टयम, इडुकी, कोझिकोड और कन्नूर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु के तमाम इलाकों में भी बारिश हो रही है। वेल्लूर में तेज हवा के साथ बारिश और ओले गिरने की खबर है।

आईएमडी के अनुसार पूर्वोत्तर राज्यों, पश्चिम बंगाल के हिमालय से सटे इलाकों और सिक्किम में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। असम में भी काफी बारिश हो रही है। वहीं, उत्तर भारत में गरमी के कारण लू की स्थिति है। यूपी, बिहार समेत इन राज्यों में कल यानी रविवार तक लू चलने की आशंका जताई गई है। आईएमडी ने लोगों से कहा है कि जरूरी होने पर ही वो बाहर निकलें, ताकि गरम हवा के कारण तबीयत खराब न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *