‘कांग्रेस देश को बदनाम करने में जुटी है…ग्लोबल ईवेंट को गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बनाया’: पीएम मोदी
मेरठ। पीएम नरेंद्र मोदी मेरठ में रविवार को कांग्रेस पर जमकर बरसे। एआई समिट स्थल पर कांग्रेस सदस्यों के टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने को पीएम मोदी ने गंदी और नंगी राजनीति बताया। मेरठ मेट्रो और नमो भारत आरआरटीएस ट्रेन के पूरे रूट का उद्घाटन करने के बाद जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने एक ग्लोबल ईवेंट को अपनी गंदी और नंगी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। पीएम मोदी ने विदेशी मेहमानों के सामने अर्धनग्न हालत में प्रदर्शन पर कहा कि वो कांग्रेस के लोगों से पूछ रहे हैं कि देश जानता है कि आप पहले से ही नंगे हैं, तो आपको कपड़े उतारने की जरूरत क्यों पड़ी?
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने एआई समिट स्थल पर जो किया, उससे पता चलता है कि देश की सबसे पुरानी पार्टी विचारधारा से कितनी दिवालिया और कंगाल हो चुकी है। पीएम मोदी ने कहा कि हम वो लोग हैं, जो गांव में किसी के यहां शादी को सफल बनाने के लिए जी-जान से जुट जाते हैं। ताकि मेहमान गांव की अच्छी छवि लेकर जाएं, लेकिन कांग्रेस तो अपने ही देश को बदनाम करने में जुटी है। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को मोदी से नफरत है। ये लोग मेरी कब्र खोदना चाहते हैं, मेरी मां को भी गाली देने से परहेज नहीं करते। हम इसे भी सहन कर लेंगे, लेकिन कांग्रेस को याद रखना चाहिए था कि एआई ग्लोबल समिट बीजेपी का समारोह नहीं था। ये देश के सम्मान का कार्यक्रम था। कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी। उन्होंने कहा कि अब पूरे देश में कांग्रेस की नीति पर थू-थू हो रही है। दुर्भाग्य देखिए, इतनी पुरानी पार्टी के नेता देश की बेइज्जती करने वालों का जयकारा लगा रहे हैं। सुनिए पीएम मोदी ने कांग्रेस के इस प्रदर्शन पर और क्या कहा।
कांग्रेस के 10 लोगों ने दिल्ली के भारत मंडपम स्थित एआई समिट स्थल पर 20 फरवरी को पहुंचकर टी-शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। समिट स्थल पर आए लोगों ने ही इसका विरोध करते हुए उनको भगाया था। बाद में दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज कर युवा कांग्रेस के चार लोगों को गिरफ्तार किया। कोर्ट ने सभी को पांच दिन के लिए दिल्ली पुलिस की रिमांड पर दिया है। दिल्ली में हुए एआई समिट की दुनियाभर में चर्चा हो रही है। इस अहम कार्यक्रम में कई देशों के राष्ट्राध्यक्ष भी शामिल हुए। कार्यक्रम के खत्म होने के एक दिन पहले ही कांग्रेस के लोगों ने वहां प्रदर्शन किया। अब पीएम मोदी ने मेरठ में इसी का उल्लेख करते हुए कांग्रेस को निशाने पर लिया।
