April 23, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Covid-19: देश में कोरोना के 62 हजार से अधिक नए केस, 24 घंटे में 2,542 लोगों की मौत

नई दिल्ली। भारत में अब कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर पर ब्रेक लगता जा रहा है। कोरोना के दैनिक मामलों में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना 62,224 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 2,542 लोगों की मौत हुई है। यह लगातार 9वां दिन है, जब देश में एक लाख से कम कोविड-19 मामले सामने आए हैं।

देश में अब पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,96,33,105 हो गई है। वहीं कुल मौतों की संख्या 3,79,573 हो गई है। भारत में कोरोना के अभी 8,65,432 एक्टिव मरीज हैं। मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कुल 1,07,628 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है, जिसके बाद अब तक कुल 2,83,88,100 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया, रिकवरी रेट बढ़कर 95.80% हो गई है। साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 5% से कम होकर वर्तमान में 4.17% है। दैनिक पॉजिटिविटी रेट 3.22% है जो लगातार 9 दिनों से 5% से कम है। वहीं देश में पिछले 24 घंटे में कोरोनावायरस की 28,00,458 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 26,19,72,014 हुआ।

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) ने जानकारी दी कि, भारत में कल कोरोनावायरस के लिए 19,30,987 सैंपल टेस्ट किए गए, कल तक कुल 38,33,06,971 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *