May 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मानव तस्करी के शक में फ्रांस में भारतीय यात्रियों से भरा विमान रोका गया, एयरलाइंस कंपनी बोली- हमने नहीं किया कुछ भी गलत

वेट्री (फ्रांस)। भारतीय यात्रियों के एक विमान को मानव तस्करी के शक में फ्रांस के वेट्री एयरपोर्ट पर रोका गया है। विमान भारतीय यात्रियों को लेकर दक्षिण अमेरिका के देश निकारागुआ जा रहा था। इस मामले में अब एयरलाइंस का बयान आया है। भारतीय यात्रियों को ले जा रहे विमान की कंपनी लीजेंड एयरलाइंस रोमानिया की है। कंपनी ने कहा है कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया है। लीजेंड एयरलाइंस के मुताबिक वो मानव तस्करी की जांच में सहयोग कर रही है। इस विमान में 300 से ज्यादा यात्री सवार हैं। जिनमें से ज्यादातर भारतीय हैं। फ्रांस के कानून के तहत मानव तस्करी के लिए 20 साल की कैद की सजा है।

लीजेंड एयरलाइंस की लिलियाना बाकायोगो ने बयान दिया है। वो एयरलाइंस कंपनी की वकील हैं। लिलियाना के अनुसार लीजेंड ने कोई गलत काम नहीं किया। जांच में सहयोग दिया जा रहा है। लिलियाना ने ये भी कहा है कि अगर फ्रांस में इस मसले पर केस दर्ज होता है, तो लीजेंड एयरलाइंस भी कानूनी तौर पर उससे निपटेगी। लिलियाना बाकायोगो के अलावा लीजेंड एयरलाइंस की तरफ से अभी इस मामले में कुछ भी नहीं कहा गया है। कंपनी की वकील का कहना है कि एक शख्स ने चार्टर्ड फ्लाइट बुक की थी। सभी यात्रियों को दस्तावेज वेरिफाई करने के बाद ही विमान में सवार किया गया था। लिलियाना के मुताबिक चार्टर्ड फ्लाइट को उड़ान भरने के 48 घंटे पहले ही बुक किया गया था। लीजेंड एयरलाइंस का विमान यूएई से उड़ान भरकर निकारागुआ जा रहा था। तकनीकी जांच के लिए फ्रांस के वेट्री एयरपोर्ट पर विमान उतारा गया। तभी फ्रांस की पुलिस को मानव तस्करी होने की सूचना मिली।

मानव तस्करी में लीजेंड एयरलाइंस के इस विमान के शामिल होने की सूचना के बाद ही पुलिस ने इसे उड़ान भरने से रोक दिया। खबर लिखे जाने तक ये विमान वेट्री एयरपोर्ट पर ही खड़ा है। पुलिस की जानकारी के बाद फ्रांस स्थित भारतीय दूतावास के अफसरों ने भी विमान में सवार लोगों से बातचीत की है। भारतीय यात्रियों की सुविधाओं के लिए तमाम प्रयास किए जा रहे हैं। वेट्री एयरपोर्ट पर यात्रियों के आराम के लिए अलग-अलग बेड की व्यवस्था भी की गई है। वहीं, खबर ये है कि फ्रांस की पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है। ये दोनों भी विमान में सवार थे। दोनों से पूछताछ की जा रही है।