पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर अब EaseMyTrip ने मालदीव के खिलाफ उठाया कदम, सभी फ्लाइट्स बुकिंग सस्पेंड की
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी के बारे में मालदीव के कुछ मंत्रियों के अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अभी ठंडा होता नहीं दिख रहा है। सोशल मीडिया पर नाराजगी और भारतीय राजदूत की तरफ से आपत्ति किए जाने के बाद मालदीव सरकार ने अपने तीन मंत्रियों को सस्पेंड भी किया था। इसके बाद अब टूर और ट्रैवेल कंपनी ईज माइ ट्रिप ने मालदीव के लिए अपनी सभी फ्लाइट्स बुकिंग को सस्पेंड करने का फैसला किया है। ईज माइ ट्रिप के सीईओ निशांत ने एक्स पर पोस्ट कर ये जानकारी दी है। उन्होंने इससे पहले एक पोस्ट में सभी से लक्षद्वीप चलने और वहां घूमने का आह्वान भी किया था। बता दें कि पीएम मोदी पर टिप्पणी मामले में मंत्रियों के बयान से मालदीव सरकार ने किनारा कर लिया था।
दरअसल, हुआ ये था कि पिछले दिनों पीएम मोदी लक्षद्वीप गए थे। वहां के सुंदर समुद्र तटों और समुद्री जीवन से संबंधित फोटो और वीडियो उन्होंने पोस्ट किए थे। मालदीव में बीते दिनों मोहम्मद मुइज्जू की सरकार चुनी गई है। मुइज्जू सरकार चीन की करीबी और भारत विरोधी मानी जाती है। राष्ट्रपति बनने के बाद ही मुइज्जू ने मालदीव में तैनात भारतीय सेना के जवानों को हटाने के लिए कहा था। अब जब पीएम मोदी लक्षद्वीप गए और वहां की सुंदरता को दिखाया, तो सोशल मीडिया पर ये चर्चा चली कि मोदी ने मालदीव की जगह लोगों को लक्षद्वीप जाने के लिए संकेतों में कहा है। जिसके बाद मालदीव की मंत्री मरियम शिउना ने आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके अलावा मालदीव सरकार में मंत्री मालशा शरीफ और महजूम माजिद ने भी विवादित बातें सोशल मीडिया पर लिखी थीं
इससे सोशल मीडिया यूजर्स भड़क गए थे और बॉयकॉट मालदीव का ट्रेंड सोशल मीडिया पर चलने लगा था। भारतीय राजदूत ने भी मालदीव के विदेश मंत्रालय से आपत्ति जताई थी। मालदीव के तमाम नेता भी मोदी के खिलाफ टिप्पणी पर आहत दिखे थे। चौतरफा घिरने के बाद मालदीव सरकार ने अपने तीनों मंत्रियों को सस्पेंड करने का एलान किया था। खास बात ये है कि मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू अब चीन का दौरा करने वाले हैं। पहले ही वो भारत विरोधी एक और देश तुर्किए का दौरा कर आए हैं।
