दुष्यंत चौटाला उचाना से लड़ेंगे चुनाव, हरियाणा विधानसभा इलेक्शन के लिए जेजेपी-एएसपी उम्मीदवारों की पहली सूची जारी
नई दिल्ली। हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी काशीराम (एएसपी) ने अपने संयुक्त उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस लिस्ट में कुल 19 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं जिनसे से 4 सीटों पर एएसपी और बाकी 15 सीटों पर जेजेपी के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। इस लिस्ट में चौटाला परिवार से भी दो लोगों का नाम है। दुष्यंत चौटाला उचाना से जबकि उनके भाई दिग्विजय चौटाला डबवाली से चुनाव लड़ेंगे।
इनके अलावा मुलाना (एससी) से डॉ. रविंद्र धीन, रादौर से राजकुमार बुबका, गुहला (एससी) से कृष्ण बाजीगर, गोहाना से कुलदीप मलिक, जुलाना से अमरजीत ढांडा, जींद से इंजीनियर धर्मपाल प्रजापत, नलवा से विरेंद्र चौधरी, दादरी से राजदीप फौगाट, तोशाम से राजेश भारद्वाज, बेरी से सुनील दुजाना सरपंच, अटेली से आयुषी अभिमन्यु राव, बावल (एससी) से रामेश्वर दयाल और होडल (एससी) से सतवीर तंवर को उम्मीदवार घोषित किया गया है। वहीं एएसपी के हिस्से में सढौरा (एससी), जगाधरी, सोहना और पलवल सीट आई है जहां क्रमश: सोहेल, डा. अशोक कश्यप, विनेश गुर्जर और हरित बैंसला को टिकट दी गई है।
गौरतलब है कि हरियाणा की सभी 90 विधानसभा चुनाव सीटों पर होने वाले चुनाव में 70 सीटों पर चौटाला की जननायक जनता पार्टी और 20 सीटों पर चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) अपने उम्मीदवार उतारेगी। सभी 90 सीटों पर एक ही चरण में 5 अक्टूबर को मतदान होगा। 8 अक्टूबर को काउंटिंग के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने बिश्नोई समाज के धार्मिक पर्व के चलते उनके आग्रह को ध्यान में रखकर चुनाव की तारीख को आगे किया है। पहले 1 अक्टूबर को मतदान और 4 अक्टूबर को नतीजों की घोषणा होनी थी। बीजेपी और इनेलो ने भी निर्वाचन आयोग से चुनाव की तारीख को आगे बढ़ाए जाने का अनुरोध किया था।
