इजरायल ने हिजबुल्लाह के टॉप कमांडर इब्राहिम कुबैसी को मार गिराया, दो दिन के हमले में लेबनान में 600 लोगों की मौत
बेरुत/यरुशलम। लेबनान के हिजबुल्लाह आतंकियों पर इजरायल के हमले जारी हैं। ताजा जानकारी के मुताबिक इजरायल ने हिजबुल्लाह के टॉप कमांडर इब्राहिम कुबैसी को मार गिराया है। वो हिजबुल्लाह के मिसाइलों का प्रभारी था। इब्राहिम कुबैसी पर हमले के दौरान हिजबुल्लाह के और कई कमांडरों के मारे जाने और घायल होने की खबर है। इजरायल पर बीते दिनों हुए सैकड़ों मिसाइल हमलों का खाका हिजबुल्लाह के इब्राहिम कुबैसी ने तय किया था। इजरायल ने लेबनान में हिजबुल्लाह के 1500 ठिकानों को नेस्तनाबूद कर दिया। बीते दो दिन इजरायल के हमलों में 600 लोगों के मारे जाने की खबर है। इनमें बच्चे और महिलाएं भी बताए जा रहे हैं। 1000 से ज्यादा लोग इजरायल के हमलों में घायल हुए हैं।
गाजा में आतंकी संगठन हमास का करीब-करीब खात्मा करने के बाद अब इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतनयाहू ने हिजबुल्लाह को टारगेट किया है। इजरायल के उत्तर में लेबनान स्थित है। लेबनान के दक्षिणी हिस्से में हिजबुल्लाह का गढ़ है। हिजबुल्लाह के आतंकी यहीं से इजरायल के तमाम शहरों पर रॉकेट से हमले भी करते रहे हैं। बीते दिनों पेजर और वॉकी टॉकी में धमाकों के कारण हिजबुल्लाह के दर्जनों आतंकी मारे गए थे और लेबनान में ईरान के राजदूत गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसके बाद हिजबुल्लाह ने बदला लेने के लिए इजरायल पर ताबड़तोड़ सैकड़ों मिसाइलें दागी थीं। जिसके बाद ही इजरायल ने हिजबुल्लाह को मिटाने के वास्ते बड़ी सैन्य कार्रवाई शुरू की है।
इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतनयाहू किस तरह हिजबुल्लाह को मिटाने पर तुले हैं, इसका पता ऐसे चलता है कि उन्होंने लेबनान के दक्षिण में रहने वाले आम लोगों को घर खाली कर जाने को कहा है। नेतनयाहू ने आरोप लगाया कि हिजबुल्लाह ने लोगों को मानव ढाल बना रखा है और उनके घरों और कार गैराज में मिसाइलें रखकर वहां से इजरायल पर दाग रहा है। बता दें कि जब गाजा में हमास के खिलाफ इजरायल ने सैन्य कार्रवाई शुरू की थी, उस वक्त भी आम लोगों को घर छोड़कर जाने के लिए कहा था और उसके बाद गाजा पट्टी में हमास के हर ठिकाने को जमींदोज कर दिया गया।
