”डिस्को डांसर” मिथुन चक्रवर्ती को मिलेगा दादा साहब फाल्के अवॉर्ड, पीएम मोदी ने बताया सांस्कृतिक आइकन
नई दिल्ली। फिल्म जगत में उत्कृष्ट काम के लिए दिए जाने वाले पुरस्कारों में सबसे प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार का एलान कर दिया गया है। इस साल ये पुरस्कार हिंदी सिनेमा के लेजेंड्री अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती को दिया जाएगा। केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। मिथुन चक्रवर्ती को 8 अक्टूबर, 2024 को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
पीएम नरेंद्र मोदी ने मिथुन चक्रवर्ती को दादासाहेब फाल्के अवॉर्ड दिए जाने पर खुशी जताई है और उनको सांस्कृतिक आइकन बताया है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा- ”मिथुन दा की उल्लेखनीय सिनेमाई यात्रा पीढ़ियों को प्रेरित करती है! यह घोषणा करते हुए सम्मानित महसूस हो रहा है कि दादा साहब फाल्के चयन जूरी ने महान अभिनेता श्री को पुरस्कार देने का निर्णय लिया है। मिथुन चक्रवर्ती जी को भारतीय सिनेमा में उनके प्रतिष्ठित योगदान के लिए। 8 अक्टूबर, 2024 को 70वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में प्रस्तुत किया जाएगा।”
आपको बता दें कि मिथुन चक्रवर्ती हिंदी सिनेमा के लेजेंड्री सुपरस्टार्स में से एक हैं। उन्होंने न सिर्फ हिंदी बल्कि तमिल और बंगाली फिल्मों में भी काम किया है। मिथुन चक्रवर्ती ने अब तक हिंदी, बंगाली और तमिल फिल्मों को मिलाकर कुल 350 फिल्मों में काम किया है। मिथुन ने अपने करियर की शुरुआत साल 1976 में आई फिल्म ”मृगया” से की थी।
इस फिल्म में अपनी दमदार एक्टिंग के जरिए मिथुन ने बेस्ट एक्टर का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी अपने नाम किया था। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और शोहरत की बुलंदियों को छूते चल गए। साल 1982 में मिथुन की फिल्म ”डिस्को डांसर” रिलीज हुई जिसने मिथुन को रातों-रात सफलता के उस शिखर पर बिठा दिया जहां तक पहुंचना भी सपना हुआ करता था। इस फिल्म ने तहलका मचाया और एक्टर के करियर की पहली फिल्म बनी जिसने उस वक़्त 100 करोड़ का कारोबार किया था। इस फिल्म के बाद मिथुन चक्रवर्ती इंडस्ट्री के नए सुपरस्टार बनकर उभरे।
