April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भोजपुरी की मशहूर एक्ट्रेस अक्षरा सिंह को धमकी, आज तक 50 लाख न देने पर हत्या करने की कही बात

पटना। भोजपुरी फिल्मों की मशहूर एक्ट्रेस अक्षरा सिंह को जान से मारने की धमकी दी गई है। अक्षरा सिंह ने इस मामले में पुलिस से शिकायत की है कि 11 नवंबर की देर रात उनको दो बार फोन कॉल आई। दो अलग-अलग नंबरों से फोन कर अक्षरा सिंह को धमकी दी गई। अक्षरा सिंह ने दानापुर पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि फोन कॉल रिसीव करते ही उनको गाली देकर बात की गई। उन्होंने बताया कि दोनों फोन कॉल रात 12 बजे के बाद एक मिनट के अंतर पर उनको की गई थी। अक्षरा सिंह ने सत्या, मां तुझे सलाम जैसी जबरदस्त हिट फिल्में की हैं। वो गीत भी गाती हैं। बिग बॉस में भी अक्षरा सिंह जा चुकी हैं।

भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह के मुताबिक जैसे ही उन्होंने फोन कॉल रिसीव की, तो धमकी देने वाले ने कहा कि 13 नवंबर तक अगर 50 लाख की रकम नहीं दी, तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। दानापुर थाने की पुलिस इस मामले में जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि अक्षरा सिंह को जान से मारने की धमकी देकर 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने वाले का पता जल्दी ही कर लिया जाएगा। हाल के दिनों में अक्षरा सिंह फिल्मी दुनिया से जुड़ी तीसरी सेलिब्रिटी हैं, जिनको फोन कॉल के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है।

इससे पहले बॉलीवुड के भाईजान कहे जाने वाले सलमान खान और सुपरस्टार शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी दी गई थी। दोनों के लिए मुंबई पुलिस के पास धमकी वाला फोन कॉल आया था। एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद से सलमान खान को धमकी वाले फोन कॉल के केस बढ़े हैं और मुंबई पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया है। वहीं, शाहरुख खान को जान से मारने की धमकी देने के मामले में भी मुंबई पुलिस ने एक शख्स को छत्तीसगढ़ के रायपुर से पकड़ा है।