April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एक्टर शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा के लिए नई मुसीबत, मुंबई के कारोबारी ने इतने करोड़ के फ्रॉड का लगाया आरोप

मुंबई। एक्टर शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा नई मुश्किल में घिर गए हैं। मुंबई के कारोबारी दीपक कोठारी की शिकायत पर मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा और एक अज्ञात शख्स के खिलाफ फ्रॉड यानी धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। ईओडब्ल्यू में मुंबई के कारोबारी ने शिकायत की है कि उनसे इन तीनों ने 60.4 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है। आरोप साबित होने पर शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा के लिए मुश्किल खड़ी हो सकती है। राज कुंद्रा पहले ही पॉर्न फिल्म बनाने के आरोप में जेल जा चुके हैं।

मुंबई पुलिस की ईओडब्ल्यू में दी गई शिकायत में कारोबारी दीपक कोठारी ने आरोप लगाया है कि शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा की बंद हो चुकी कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड के कर्ज और निवेश संबंधी मामले में धोखाधड़ी की गई। पहले शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा और अज्ञात शख्स के खिलाफ कारोबारी ने मुंबई के जुहू थाने में फ्रॉड की शिकायत दी थी। ये मामला 10 करोड़ से ज्यादा का होने के कारण इसे मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा को भेजा गया। शिल्पा शेट्टी, राज कुंद्रा और अज्ञात शख्स के खिलाफ केस दर्ज कराने वाले दीपक कोठारी लोटस कैपिटल फाइनेंशियल सर्विसेज नाम की एनबीएफसी के निदेशक हैं।

कारोबारी दीपक कोठारी ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि राजेश आर्य नाम के शख्स ने शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा से उनकी मुलाकात कराई थी। कारोबारी के मुताबिक आरोपियों ने 75 करोड़ का कर्ज मांगा। जिसके लिए 12 फीसदी ब्याज देने की बात कही। बाद में ज्यादा टैक्स से बचाने के लिए निवेश करने की बात कही गई। दीपक कोठारी का कहना है कि उन्होंने आरोपियों को 2015 में 31.90 करोड़ और 28.53 करोड़ रुपए दिए। शिल्पा शेट्टी पर आरोप है कि निजी तौर पर गारंटी देने के बाद उन्होंने कंपनी से 2016 में इस्तीफा दे दिया। इस मामले में ईओडब्ल्यू की जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *