म्यांमार और बैंकॉक में तेज तीव्रता वाले भूकंप से डोली धरती, भारत के भी कई राज्यों महसूस हुए झटके
नई दिल्ली। म्यांमार में तेज तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 7.7 नापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप का केंद्र मध्य म्यांमार में जमीन के 10 किलोमीटर अंदर था। वहीं, थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में भी भूकंप के कारण धरती डोलने लगी। इस भूकंप का प्रभाव इतना तेज था कि भारत के भी कई राज्यों में झटके महसूस किए गए। फिलहाल इस भूकंप से जान माल का क्या नुकसान हुआ है इसकी सटीक जानकारी नहीं है लेकिन म्यांमार और बैंकॉक में भारी तबाही हुई है।
भूकंप के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि म्यांमार और बैंकॉक में कई बिल्डिंगें भूकंप की वजह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घर और ऑफिसों से बाहर निकलकर खुले में सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। वायरल वीडियो में लोग दहशत में चीखते चिल्लाते सड़कों पर भागते हुए नजर आ रहे हैं। म्यामांर के मांडले में फेमस अवा ब्रिज भूकंप के झटकों की वजह से टूटकर नदी में समा गया है। स्थानीय प्रशासन के द्वारा राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। जो भी बिल्डिंग या मकान भूकंप से क्षतिग्रस्त हुए हैं उनके मलबे को हटाया जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि कहीं उसमें लोग दबे तो नहीं हैं।
उधर, भारत के पूर्वोत्तर में स्थित राज्यों पर भी भूकंप का असर दिखाई दिया। मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, असम और नागालैंड में भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां भी लोग काम छोड़कर अपने अपने घरों और दफ्तर से बाहर निकल आए। भू वैज्ञानिकों के मुताबिक धरती के अंदर 12 टैक्टोनिक प्लेटें होती हैं। जब ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं तो उससे ही धरती के नीचे हलचल तेज हो जाती है और जमीन हिलने लगती है, उसे ही भूकंप कहा जाता है।
