July 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में आईएसआईएस के ठिकानों पर की एयरस्ट्राइक

नई दिल्ली। अफगानिस्तान ने पाकिस्तान में बड़ी एयरस्ट्राइक को अंजाम दिया है। तालिबान सरकार ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों में आईएसआईएस के ठिकानों पर ड्रोन दागने का दावा किया है। यह हमला अफगानिस्तान की ओर से पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई के तौर पर किया गया है। पाकिस्तान ने बीते दिनों अफगानिस्तान में कई जगहों पर बमबारी की थी जिसमें 30 से ज्यादा लोगों की जान गई थी। तालिबान सरकार ने चेतावनी देते हुए कहा है कि जो भी अफगानिस्तान की सुरक्षा को खतरा पहुंचाएगा उन पर भविष्य में भी हमले किए जाएंगे।

अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, हमारी वायुसेना ने बहुत ही सटीकता से हमलों को अंजाम दिया और इसमें आईएसआईएस के कई लड़ाके मारे गए। साथ ही उनके बहुत से ठिकाने ध्वस्त हो गए। तालिबान सरकार के अनुसार इन हमलों में किसी भी आम नागरिक की जान नहीं गई। जिन जगहों को निशाना बनाया गया, उनका इस्तेमाल अफगानिस्तान के अंदर आम नागरिकों पर हमले की साजिश रचने के लिए किया जा रहा था। रक्षा मंत्रालय ने इस बात पर भी जोर दिया कि अफगानिस्तान की सुरक्षा को कमजोर करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली किसी भी जगह को निशाना बनाया जाएगा।

वहीं पाकिस्तान ने दावा किया है उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने बलूचिस्तान में चार अफगानी ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया। इससे पहले जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में ड्रोन और मिसाइल अटैक किया था तो उसने दावा किया था कि वहां सिर्फ आतंकियों को निशाना बनाया है। अब दोनों तरफ से एक दूसरे पर ड्रोन और मिसाइल दागे जाने के बाद तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। पाकिस्तान ने मार्च में पूर्वी काबुल में एक ड्रग रिहैबिलिटेशन सेंटर को भी निशाना बनाया था। अफगानिस्तान सरकार ने कहा है कि उस हमले में 408 आम नागरिकों मारे गए थे और 265 लोग घायल हुए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *