June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अमेरिकी संसद के स्पीकर माइक जॉनसन का बड़ा बयान, कहा- आतंकवाद से लड़ने के लिए ट्रंप सरकार भारत को सभी संसाधन देगी

वॉशिंगटन। अमेरिकी संसद के स्पीकर माइक जॉनसन ने बड़ा बयान दिया है। माइक जॉनसन ने कहा है कि भारत को आतंकवाद के खिलाफ खड़ा होना ही चाहिए। अमेरिकी संसद के स्पीकर ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ भारत की जंग में समर्थन देने के लिए हम हर संभव कोशिश कर रहे हैं। माइक जॉनसन ने कहा कि अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप सरकार आतंकवाद से लड़ने के लिए भारत को सभी संसाधन देगी ताकि उसे इस जंग को लड़ने के लिए ऊर्जा मिल सके। इससे पहले अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने पहलगाम हमले की निंदा करते हुए कहा था कि भारत को दोषियों को सजा देने का पूरा अधिकार है।

अमेरिका के इस रुख से पाकिस्तान को झटका लगा है। सूत्रों के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में अमेरिका के प्रतिनिधि ने पाकिस्तान को उसकी बेफजूल बयानबाजी के लिए फटकार भी लगाई है। अमेरिका आम तौर पर हमेशा आतंकवाद के मसले पर भारत का साथ देता रहा है। डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति बनने पर उसका समर्थन और ज्यादा हो गया है। ट्रंप लगातार ये कहते रहे हैं कि वो भारत से प्रेम करते हैं। डोनाल्ड ट्रंप और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच अच्छी दोस्ती भी है और कई मौकों पर दोनों नेताओं के बीच करीबी दुनियाभर के देश देख चुके हैं। अब अमेरिकी संसद के स्पीकर का बयान साफ कर रहा है कि आतंकवाद के मसले पर भारत के साथ अमेरिका कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है।

पहलगाम में 22 अप्रैल 2025 की दोपहर पाकिस्तान परस्त आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया था। उन्होंने पर्यटकों का नाम पूछकर, उनकी आईडी देखकर, कलमा पढ़ने को कहकर और यहां तक कि पैंट उतारकर प्राइवेट पार्ट देखकर गैर मुस्लिम होने की पुष्टि की और फिर हत्या कर फरार हो गए। जांच में खुलासा हुआ है कि इन आतंकियों में से 2 पाकिस्तान के हैं। सेना और सुरक्षाबलों के जवान पहलगाम में पर्यटकों का नरसंहार करने वाले आतंकियों की तलाश में जुटे हैं। वहीं, इस मामले में पीएम मोदी ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा है कि आतंकियों और उनका समर्थन करने वालों को मिट्टी में मिलाने का वक्त आ गया है। इसके बाद से ही पाकिस्तान डरा हुआ है कि भारत उस पर हमला कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *