April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पाकिस्तान का समर्थन कर रहे तुर्की को भारत की दो टूक सलाह, चीन के लिए भी संदेश

नई दिल्ली। भारत ने तुर्की का जिक्र करते हुए उसे दो टूक शब्दों में सलाह दी है। भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, हम उम्मीद करते हैं कि तुर्की पाकिस्तान से सीमा पार आतंकवाद को अपना समर्थन बंद करने को कहे। पाकिस्तान के द्वारा दशकों से पोषित आतंकी तंत्र के खिलाफ विश्वसनीय और सत्यापन योग्य कार्रवाई करने का भी तुर्की को पुरजोर आग्रह करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंध एक-दूसरे की चिंताओं के प्रति संवेदनशीलता के आधार पर बनाए जाते हैं। भारतीय सेना के द्वारा ऑपेरशन सिंदूर के जरिए पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने के बाद पाकिस्तान की ओर से भारत पर किए गए हमलों में तुर्की ने खुलकर पाकिस्तान का समर्थन किया था। तुर्की ने भारत पर हमला करने के लिए पाकिस्तान को ड्रोन तक उपलब्ध कराए। विदेश मंत्रालय का बयान इसी संदर्भ में दिया गया है।

जायसवाल ने बताया, 10 मई को हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने चीन के अपने समकक्ष, विदेश मंत्री और सीमा मुद्दों पर विशेष प्रतिनिधि वांग यी के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। इस बातचीत के दौरान हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने पाकिस्तान से उत्पन्न सीमा पार आतंकवाद पर भारत के दृढ़ रुख को स्पष्ट रूप से व्यक्त किया। चीनी पक्ष अच्छी तरह से जानता है कि आपसी विश्वास, आपसी संवेदनशीलता और आपसी सम्मान भारत-चीन संबंधों का आधार है।

उधर, वाशिंगटन डी.सी. में दो इजरायली राजनयिकों की गोली मारकर हत्या मामले पर भी भारतीय विदेश मंत्रालय ने प्रतिक्रिया व्यक्त की। प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, वाशिंगटन, डी.सी. में हुआ हमला बेहद चौंकाने वाला है। उन्होंने विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा इस संबंध में की गई पोस्ट का जिक्र करते हुए कहा, हम इस हमले की निंदा करते हैं और पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। इस जघन्य कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए। राजनयिक कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *