March 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पंजे और लालटेन ने मिलकर ऐसी लूट…पीएम नरेंद्र मोदी ने बिहार के लोगों को याद दिलाया जंगलराज, किया सतर्क

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सीवान से बिहारवासियों को जल, रेल और बिजली क्षेत्र से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने पाटलीपुत्र-गोरखपुर वंदेभारत ट्रेन का भी शुभारम्भ किया। मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए लालू प्रसाद यादव की पार्टी आरजेडी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बिहार को जंगलराज की याद दिलाई और उनको सतर्क किया।

मोदी बोले, यहां के हमारे नौजवानों ने तो 20 साल पहले के बिहार की बदहाली सिर्फ किस्सों और कथाओं में ही सुनी है। उन्हें अंदाजा ही नहीं है कि जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी। जिस बिहार ने सदियों तक भारत की प्रगति को नेतृत्व दिया, उसको पंजे (कांग्रेस) और लालटेन (आरजेडी) के शिकंजे ने पलायन का प्रतीक बना दिया था।

मोदी बोले, मेरे बिहारी भाई बहन कठिन से कठिन परिस्थिति में काम करके दिखा देते हैं, वो कभी अपने स्वाभिमान से समझौता नहीं करते लेकिन पंजे और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार के स्वाभिमान को बहुत ठेस पहुंचाई। इन लोगों ने ऐसी लूट घसोट मचाई कि गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गई। कई चुनौतियों को पार करते हुए सीएम नीतीश के नेत‍ृत्व में एनडीए सरकार बिहार में विकास को वापस लाई है।

प्रधानमंत्री ने आगे कहा, जंगल राज करने वालों ने बिहार के विकास के इंजन को पूरी तरह से बंद कर दिया था। लेकिन आज बिहार में बना इंजन अफ्रीका में ट्रेनें चलाएगा और यह बहुत गर्व की बात है। मेरा दृढ़ विश्वास है कि बिहार ‘मेड इन इंडिया’ का एक बड़ा केंद्र बनेगा। बिहार का मखाना और फल-सब्जियां न केवल अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचेंगी, बल्कि बिहार के कारखानों में बने उत्पाद भी दुनिया भर के बाजारों में अपनी जगह बना पाएंगे।

पीएम ने आगे कहा कि बिहार की प्रगति के लिए हमें गति बनाए रखनी होगी। इसी समय बिहार में जंगलराज लाने वाले मौका देख रहे हैं, किसी भी तरह फिर से अपने पुराने कारनामे करने का मौका ढूंढ रहे हैं। आपके और आपके बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए आपको बहुत सतर्क रहना है। समृद्ध बिहार की यात्रा पर ब्रेक लगाने के लिए तैयार बैठे लोगों को कोसों दूर रखना है।

मोदी बोले, मैं कल ही विदेश से लौटा हूं। इस दौरे में मेरी दुनिया के बड़े बड़े समृद्ध देशों के नेताओं से बात हुई। सारे नेता भारत की तेज़ प्रगति से बहुत प्रभावित हैं। वह भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनते देख रहे हैं। निश्चित रूप से इसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है। प्रधानमंत्री ने कहा, आज इस मंच से हजारों, करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। विकास की ये सारी परियोजनाएं बिहार को उज्ज्वल भविष्य की तरफ ले जाएगी, समृद्ध बिहार बनाएंगी। डबल इंजन सरकार बिहार के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.