June 27, 2026

Hind foucs news

hindi new update

महाराष्ट्र की सियासत पर चढ़ेगा नया रंग!, 12 साल बाद मातोश्री जाकर राज ठाकरे ने उद्धव को दी जन्मदिन की बधाई

मुंबई। महाराष्ट्र की सियासत नया रंग लेती दिख रही है। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) के प्रमुख राज ठाकरे ने रविवार को शिवसेना-यूबीटी के अध्यक्ष और पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। उद्धव ठाकरे के जन्मदिन पर राज ठाकरे उनसे मिलने पहुंचे थे। राज ठाकरे के साथ उनकी पत्नी शर्मिला ठाकरे भी थीं। खास बात है कि 12 साल बाद राज ठाकरे ने मातोश्री पहुंचकर उद्धव ठाकरे को जन्मदिन पर शुभकामना दी। बताया जा रहा है कि राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे ने करीब 20 मिनट तक बातचीत भी की। हालांकि, उद्धव और राज ठाकरे के बीच बातचीत के विषय की जानकारी नहीं मिल सकी।

राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे इससे पहले 5 जुलाई 2025 को एक साथ एक ही मंच पर आए थे। महाराष्ट्र सरकार पर स्कूलों में हिंदी थोपे जाने का आरोप लगाकर दोनों भाई ने मंच साझा किया था। इसके बाद राज और उद्धव ठाकरे की ये दूसरी मुलाकात थी। राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के साथ उनके तमाम कार्यकर्ता भी मौजूद थे। महाराष्ट्र में जल्दी ही बीएमसी समेत सभी निकायों के चुनाव होने हैं। ऐसे में राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे के बीच फिर हो रही करीबी से महाराष्ट्र की सियासत में नया रंग चढ़ने के आसार दिख रहे हैं। हालांकि, अभी राज और उद्धव ठाकरे ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने का कोई एलान नहीं किया है।

बता दें कि उद्धव ठाकरे को शिवसेना की कमान सौंपे जाने के खिलाफ राज ठाकरे परिवार से अलग हुए थे। राज ठाकरे के पिता उद्धव के पिता बालासाहेब ठाकरे के भाई थे। राज ठाकरे पहले शिवसेना की युवा इकाई को संभालते थे। वो अपने ताऊ बालासाहेब ठाकरे की तरह ही फायरब्रांड नेता माने जाते हैं। बालासाहेब से अलग होने के बाद राज ठाकरे ने एमएनएस बनाई और महाराष्ट्र की सियासत में कदम रखे, लेकिन उनको कोई फायदा नहीं हुआ। वहीं, एकनाथ शिंदे के अलग होने और शिवसेना का चुनाव चिन्ह तीर-कमान गंवाने के बाद उद्धव ठाकरे की सियासत को भी झटका लगा। ऐसे में कयास ये लग रहे हैं कि महाराष्ट्र निकाय चुनाव में उद्धव और राज ठाकरे साथ आ सकते हैं। ताकि सियासत में वो कुछ कर दिखा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *