इंटरनेशनल

भारतीय नर्स निमिषा प्रिया को जल्द फांसी की मांग, यमन में मृतक के भाई ने तीसरी बार सरकार को दी अर्जी

शेयर करें:

सना। यमन में तलाल अब्दो मेहदी के भाई ने तीसरी बार अर्जी देकर भारतीय नर्स निमिषा प्रिया को जल्द फांसी देने की मांग की है। तलाल के भाई अब्दुल फतह मेहदी ने फेसबुक पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। अब्दुल फतेह मेहदी ने कहा है कि उसने निमिषा प्रिया को जल्द फांसी देने की मांग वाली अर्जी तीसरी बार यमन के डिप्टी अटॉर्नी जनरल को दी है। उसने यमन के इस अधिकारी से मुलाकात भी की है। अब्दुल फतह मेहदी ने पहले कहा था कि निमिषा प्रिया को माफ करने के लिए उसका परिवार ब्लड मनी यानी मुआवजा नहीं लेगा।

अब्दुल फतह मेहदी ने तलाल के परिवार के लोगों के दस्तखत वाली एक चिट्ठी भी यमन के डिप्टी अटॉर्नी जनरल को दी है। इस चिट्ठी में लिखा गया है कि तलाल अब्दो मेहदी की हत्या यमन के इतिहास में अभूतपूर्व है। इस हत्या की दोषी निमिषा प्रिया को जल्द फांसी दी जाए। भारतीय नर्स निमिषा प्रिया को 16 जुलाई को यमन में फांसी दी जाने वाली थी। इससे पहले भारत के एक धार्मिक गुरु की तरफ से यमन के धार्मिक गुरु से बात की गई थी। जिसके बाद निमिषा प्रिया की फांसी टाल दी गई थी। निमिषा प्रिया केरल की रहने वाली है और नर्स का काम करने यमन गई थी।

यमन में निमिषा प्रिया ने तलाल अब्दो मेहदी की मदद से एक क्लीनिक खोलने की कोशिश की। बताया जाता है कि तलाल ने निमिषा का पासपोर्ट अपने पास रख लिया और वापस नहीं कर रहा था। उसने निमिषा को अपनी पत्नी भी घोषित कर दिया। जबकि, निमिषा के पति और बेटी भारत में रहते हैं। यमन की अदालत में निमिषा पर आरोप लगाया गया कि उसने पासपोर्ट हासिल करने के लिए तलाल को बेहोशी की दवा दी, लेकिन ज्यादा दवा दिए जाने के कारण तलाल अब्दो मेहदी की जान चली गई। साल 2020 में यमन के कोर्ट ने निमिषा प्रिया को फांसी की सजा सुनाई थी। यमन के सर्वोच्च न्यायिक परिषद ने 2023 में निमिषा प्रिया की अपील खारिज कर दी थी।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें