दिल्ली और बॉम्बे हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर, सुरक्षा एजेंसियां एलर्ट, छानबीन जारी
नई दिल्ली। दिल्ली हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है जिसके बाद पूरे कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया है। इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा एजेंसियां एलर्ट पर हैं और पूरे कोर्ट परिसर की छानबीन की जा रही है। उच्च न्यायालय की ऑफिशियल ई-मेल आईडी पर यह धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने मेल में लिखा है, हाईकोर्ट में तीन बम लगाए गए हैं। दोपहर में नमाज के बाद 2 बजे तक परिसर खाली करने की चेतावनी दी गई है। दिल्ली हाईकोर्ट के जज चैंबर में विस्फोट होने की बात कही गई है। इस मेल में पाकिस्तान और तमिलनाडु की मिलीभगत की भी बात कही गई है। उधर, बॉम्बे हाईकोर्ट में भी बम की धमकी दी गई है।
फिलहाल हाईकोर्ट परिसर में तलाशी अभियान चल रहा है। बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड की टीम वहां पर मौजूद है और दिल्ली पुलिस की कई यूनिटों की तैनाती की गई है। स्पेशल सेल के कई अफसर भी हाईकोर्ट परिसर में ही हैं। धमकी भरे मेल में दावा किया गया है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई भारत में कुछ लोकल नेटवर्क के साथ मिलकर 1998 में हुए पटना धमाके जैसे हमले को साजिश दोहराने की फिराक में है। इसमें तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी डीएमके का भी जिक्र किया गया है।
ईमेल में कहा गया है कि हम डॉ. एझिलन नागनाथन को डीएमके की कमान सौंपने का प्रस्ताव रखते हैं। साथ ही यह धमकी भी दी गई है कि इसी हफ्ते उदयनिधि स्टालिन के पुत्र इनबानिधि उदयनदिहि को तेजाब से जला दिया जाएगा। धमकी भरे मेल में बीजेपी और आरएसएस का भी जिक्र किया गया है। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी भरा मेल कहां से भेजा गया है। आपको बात दें कि पिछले कुछ समय से दिल्ली के स्कूलों और अस्पतालों को बम से उड़ाने की लगातार धमकियां मिल रही हैं।
