April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने एआईबीई 2025 का शेड्यूल जारी किया, 29 सितंबर से रजिस्ट्रेशन और इस तारीख को होगी परीक्षा

नई दिल्ली। ऑल इंडिया बार एक्जामिनेशन यानी AIBE 2025 परीक्षा का शेड्यूल बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने जारी कर दिया है। ऑल इंडिया बार एक्जामिनेशन के लिए पंजीकरण इसी महीने शुरू होने जा रहा है। ऑल इंडिया बार एक्जामिनेशन देने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने इस परीक्षा से संबंधित सभी अहम तारीखों का एलान किया है। अभ्यर्थी allindiabarexamination.com पर ऑल इंडिया बार एक्जामिनेशन के आवेदन कर सकेंगे।

बार काउंसिल ऑफ इंडिया के मुताबिक ऑल इंडिया बार एक्जामिनेशन के लिए 29 सितंबर 2025 से रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। इसी तारीख से ऑनलाइन फीस भरी जा सकेगी। रजिस्ट्रेशन के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने 28 अक्टूबर को अंतिम तिथि तय की है। फीस भुगतान की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर रखी गई है। बार काउंसिल की तरफ से योग्य अभ्यर्थियों को एआईबीई परीक्षा के एडमिट कार्ड 15 नवंबर 2025 को जारी किए जाएंगे। ऑल इंडिया बार एक्जामिनेशन 30 नवंबर 2025 को होंगे। ऑल इंडिया बार एक्जामिनेशन में 3 या 5 साल के एलएलबी प्रोग्राम से लॉ ग्रेजुएट या बिना बैकलॉग वाले छात्र बैठ सकेंगे।

एआईबीई में रजिस्ट्रेशन के लिए सामान्य और ओबीसी अभ्यर्थियों से 3560 रुपए फीस ली जाएगी। जबकि, एससी-एसटी अभ्यर्थियों को 2560 रुपए फीस भरनी होगी। वकील के तौर पर भारत भर में काम करने के इच्छुक लॉ ग्रेजुएट्स को ऑल इंडिया बार एक्जामिनेशन पास करना होता है। एआईबीई 2025 परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। इस परीक्षा में गलत जवाब पर अंक नहीं काटे जाते। परीक्षा में दंड प्रक्रिया संहिता से संबंधित 10 अंक के सवाल होते हैं। जबकि, सिविल प्रक्रिया संहिता के 10 अंक के सवाल, संवैधानिक कानून संबंधी 10 अंक के सवाल, अनुबंध कानून, विशिष्ट राहत, संपत्ति कानून और अन्य के 8 अंक, आईपीसी के 8 अंक, साक्ष्य एक्ट के 8 अंक, पारिवारिक कानून के 8 अंक और अपकृत्य कानून संबंधी 5 अंक के सवाल आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *