आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी, लगाए गए पोस्टर, दुष्कर्म मामले में पुलिस कर रही तलाश
नई दिल्ली। पंजाब के पटियाला की सनौर विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा के खिलाफ पुलिस ने लुक आउट नोटिस जारी किया है। पुलिस को दुष्कर्म के मामले में आप विधायक की तलाश है। एफआईआर दर्ज होने के बाद आप विधायक पुलिस हिरासत से फरार हो गए थे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। अब पंजाब पुलिस ने हरमीत सिंह पठानमाजरा के पोस्टर भी जगह जगह लगवाने शुरू कर दिए हैं। पुलिसिया सूत्रों के मुताबिक विधायक के खिलाफ दर्ज दुष्कर्म मामले की जांच चल रही है उनको भगोड़ा घोषित किया जा सकता है।
आप विधायक पर रेप केस दर्ज होने के बाद उन्होंने पटियाला कोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी मगर कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को 2 सितंबर को हरियाणा के करनाल के डबरी गांव से गिरफ्तार किया था। जब पुलिस हरमीत सिंह को गिरफ्तार कर थाने लेकर जा रही थी उस दौरान उनके समर्थक ने फायरिंग कर दी और मौके का फायदा उठाकर आप विधायक एक स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए। आरोप यह भी है कि विधायक ने एक पुलिसकर्मी पर कार चढ़ाने की कोशिश की थी। तब से आप विधायक का कोई अता पता नहीं है।
पुलिस हिरासत से फरार होने के एक दिन बाद पठानमाजरा ने वीडियो जारी कर पंजाब पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि पुलिस उनका एनकाउंटर करना चाहती थी, इसलिए वो भाग गए। इससे पहले उन्होंने दिल्ली आप लॉबी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए भगवंत मान सरकार पर भी निशाना साधा था। एफआईआर दर्ज होने के बाद आप विधायक अपनी ही सरकार के खिलाफ बयानबाजी को लेकर से सुर्खियों में थे। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को निशाने पर लेते हुए कहा था कि सच बोलने के लिए पार्टी उन्हें निलंबित भी कर सकती है।
