लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने फिर साधा ‘अपनों’ पर निशाना, पोस्ट में लिखा- मुश्किल से बनाई बड़ी विरासत को…
नई दिल्ली। आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर ‘अपनों’ पर निशाना साधा है। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट से लालू यादव और राबड़ी देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों पर जमीन के बदले नौकरी घोटाला में आरोप तय करने के एक दिन बाद शनिवार को रोहिणी आचार्य ने एक्स पर पोस्ट कर ये निशाना साधा। रोहिणी आचार्य बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान आरजेडी के पक्ष में प्रचार करती नजर आई थीं, लेकिन नतीजों में जब आरजेडी को जोरदार झटका लगा, तो रोहिणी ने तेजस्वी के करीबी संजय यादव के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था।
रोहिणी आचार्य ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि बड़ी मुश्किल से बनाई गई बड़ी विरासत को तहस-नहस करने के लिए परायों की जरूरत नहीं होती। रोहिणी ने नाम लिए बिना अपने और अपनों के कुछ षड्यंत्रकारियों की बात लिखी है। साथ ही लिखा है कि जब विवेक पर पर्दा पड़ जाता है और अहंकार सिर चढ़ता है, तो विनाश करने वाला ही सब कुछ हर लेता है। रोहिणी आचार्य के ताजा बयान से साफ है की लालू यादव के परिवार में मचा संग्राम अभी शांत नहीं पड़ा है और रोहिणी को मनाया भी नहीं जा सका है।
इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के दो दिन बाद रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया था कि लालू और राबड़ी देवी के सरकारी आवास में उनको गालियां दी गईं। अपमानित किया गया। साथ ही चप्पल से पीटे जाने की कोशिश का आरोप भी रोहिणी आचार्य ने लगाया था। रोहिणी आचार्य ने मीडिया से कहा था कि जाकर तेजस्वी यादव से पूछिए। इसके बाद रोहिणी आचार्य मुंबई अपने ससुराल चली गई थी। जहां से वो अपने पति के पास सिंगापुर लौट गईं। इसके बाद रोहिणी ने अब तक चुप्पी साध रखी थी। अब जमीन के बदले नौकरी के कथित घोटाले में लालू यादव, राबड़ी देवी, तेज प्रताप यादव, तेजस्वी यादव, मीसा भारती और हेमा यादव की दिक्कत बढ़ने के बाद रोहिणी आचार्य ने फिर निशाना साधा है।
