February 6, 2026

Hind foucs news

hindi new update

दिल्ली में भी नोएडा जैसा हादसा, जल बोर्ड के खोदे गड्ढे में गिरकर बाइक सवार युवक की मौत

नई दिल्ली। दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में गिरकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई है। यह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड के द्वारा खुदवाया गया था। मृतक की पहचान कैलाशपुरी निवासी कमल ध्यानी के रूप में हुई है जो रात के समय रोहिणी स्थित अपने दफ्तर से घर की ओर लौट रहा था तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। कमल जब काफी देर तक घर नहीं पहुंचा तो उसके माता पिता परेशान होकर पुलिस थाने पहुंचे मगर उनको मदद नहीं मिली। रात भर परिजन कई थानों के चक्कर लगाते रहे। सुबह लगभग 7 बजे पुलिस ने फोन करके परिजनों को घटना की जानकारी दी।

पुलिस से मिली सूचना के बाद कमल के परिजन घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कमल अपनी बाइक समेत गहरे गड्ढे में पड़े हुआ था। कमल की मौत के लिए उसके परिजन दिल्ली जल बोर्ड को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। कमल के दोस्त का कहना है कि गड्ढे में गिरने के बाद कमल रातभर तड़पता रहा होगा और मदद न मिलने की वजह से उसकी जान चली गई। अगर सही समय पर मदद मिल जाती तो कमल को बचाया जा सकता था। उधर, दिल्ली सरकार ने इस हादसे को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच के आदेश दिए हैं।

जिस जगह पर यह दुर्घटना हुई वह दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री आशीष सूद की विधानसभा क्षेत्र में आता है। इस घटना को लेकर आशीष सूद का कहना है कि घटना के कारणों की जांच हो रही है। जिन किसी भी ठेकेदार या जलबोर्ड के अधिकारियों की इस मामले में लापरवाही पाई गई उनको किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि मंत्री ने यह भी कहा कि गड्ढे के किनारे बैरिकेड्स लगे हुए थे। उधर, पुलिस भी इस मामले की जांच में जुटी है। यह घटना बिलकुल वैसी ही है जैसे हाल ही में नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज की पानी से भरे गड्ढे में गिरने से मौत हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *