February 21, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बिहार, हरियाणा, महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों में खाली हो रही राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव की हुई घोषणा

नई दिल्ली। देश के 10 राज्यों में अप्रैल में खाली हो रही राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव की घोषणा हो गई है। बिहार, हरियाणा, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम और हिमाचल प्रदेश राज्यों में राज्यसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक 26 फरवरी 2026 को इन प्रदेशों में राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। 5 मार्च नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख है। 6 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, वहीं नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 मार्च है। 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी और उसके बाद मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तारीख 20 मार्च रखी गई है।

महाराष्ट्र में राज्यसभा की सबसे ज्यादा सीटों पर चुनाव होगा यहां कुल 7 सीटें खाली हो रही हैं। तमिलनाडु में 6 सीटों पर चुनाव होगा। इसी तरह पश्चिम बंगाल और बिहार में 5-5 सीटों के लिए वोटिंग होगी। ओडिशा में 4, असम में 3 सीटों के लिए चुनाव होगा। छत्तीसगढ़, तेलंगाना और हरियाणा में 2-2 सीटें खाली हो रही हैं जबकि हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा की एक सीट के लिए वोटिंग होगी। बता दें कि राज्यसभा के प्रत्येक सदस्य का कार्यकाल 6 साल का होता है। हालांकि हर एक तिहाई सीटों के लिए हर दो साल पर चुनाव होते हैं। इस प्रकार राज्यसभा कभी भंग नहीं होती और यही कारण है कि इसे स्थाई सदन कहा जाता है।

राज्यसभा के सदस्यों का चुनाव देश की जनता के द्वारा नहीं बल्कि राज्यों की विधानसभाओं के सदस्यों के द्वारा चुना जाता है। राज्यसभा में कुल 245 सदस्य होते हैं, जिनमें से 233 सदस्य राज्यों और कुछ केंद्रशासित प्रदेशों से चुने जाते हैं। 12 सदस्यों को राष्ट्रपति नामित करते हैं। अब चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने के बाद राजनीतिक दलों के द्वारा उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *