April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन की बढ़ सकती है मुश्किल, क्लास रूम घोटाला मामले में एसीबी ने पूछताछ के लिए किया तलब

नई दिल्ली। दिल्ली के एंटी करप्शन ब्यूरो यानी एसीबी ने पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को समन भेजकर पूछताछ के लिए तलब किया है। दिल्ली सरकार के स्कूलों में क्लास रूम बनाने में कथित घोटाला मामले की जांच के तहत एसीबी ने मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को तलब किया है। एसीबी ने सत्येंद्र जैन को 6 जून 2025 और मनीष सिसोदिया को 9 जून को अपने दफ्तर तलब होने के लिए कहा है। दिल्ली के सरकारी स्कूलों में 12748 क्लास रूम बनाने में 2000 करोड़ का घोटाला किए जाने का आरोप है। मनीष सिसोदिया दिल्ली के डिप्टी सीएम रहते शिक्षा विभाग भी देखते थे।

एसीबी ने इस साल 30 अप्रैल को क्लास रूम बनवाने में कथित घोटाला की जांच के लिए एफआईआर दर्ज की थी। एसीबी ने अपनी एफआईआर में लिखा है कि दिल्ली के सरकारी स्कूलों में क्लास रूम बनवाने के लिए निर्माण लागत को अनुचित तौर पर बढ़ाया गया। जिसकी वजह से दिल्ली सरकार के खजाने को बहुत नुकसान हुआ। जब दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार थी, उस वक्त बीजेपी ने क्लास रूम बनवाने में घोटाला किए जाने का आरोप लगाया था और इस मुद्दे पर वो अरविंद केजरीवाल की पार्टी को लगातार घेरती रही। अब एसीबी ने अरविंद केजरीवाल के करीबी मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को तलब किया है। जिससे इन दोनों नेताओं के अलावा आम आदमी पार्टी भी सवालों के घेरे में आ गई है।

मनीष सिसोदिया इससे पहले कथित शराब घोटाला मामले में जेल जा चुके हैं। सत्येंद्र जैन को भी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल की हवा खानी पड़ी। हालांकि, दोनों ही लगातार ये कहते रहे कि शराब घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग नहीं की गई। शराब घोटाला और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन पर अभी ट्रायल कोर्ट में केस चल रहा है। मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन को दिल्ली हाईकोर्ट तक से जमानत नहीं मिली थी। सुप्रीम कोर्ट से सिसोदिया को जमानत दी गई। सत्येंद्र जैन को भी सुप्रीम कोर्ट से ही जमानत मिल सकी। अब देखना ये है कि पूछताछ के बाद एसीबी इन दोनों पर कोई कार्रवाई करती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *