February 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अरविंद केजरीवाल और अन्य को दोषमुक्त किए जाने के फैसले को सीबीआई ने हाईकोर्ट में दी चुनौती

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया समेत दिल्ली शराब घोटाले के 23 आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट के द्वारा दोष मुक्त किए जाने के फैसले को चुनौती देते हुए सीबीआई ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी है। उधर, केजरीवाल को बरी किए जाने पर समाजसेवी और गांधीवादी नेता अन्ना हजारे ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हमारा देश न्याय व्यवस्था के आधार पर चलता है। न्याय व्यवस्था ही सर्वोच्च व्यवस्था है। अब जब अदालत ने अपना फैसला सुनाते हुए कहा है कि अरविंद केजरीवाल दोषी नहीं हैं तो इससे मानना पड़ेगा।

इससे पहले अन्ना हजारे ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा था और इस पर उन्होंने कहा कि पहले न्यायपालिका का फैसला नहीं आया था अब जब न्यायपालिका ने फैसला सुना दिया है तो वो सही होगा। अन्ना ने आगे कहा कि बहुत से दलों, जातियों, धर्मों और समुदायों वाला इतना बड़ा राष्ट्र होने के बावजूद, न्यायपालिका के कारण ही यह सुचारू रूप से कार्य करता है। अगर न्याय व्यवस्था न हो तो यहां अराजकता और अशांति फैल जाएगी।

अरविंद केजरीवाल ने खुद को बरी किए जाने के बाद बीजेपी पर जमकर आरोप लगाए इस पर अन्ना हजारे से सवाल किया गया तो उन्होंने जवाब दिया कि इससे मेरे कोई लेना-देना नहीं है। यह पूछे जाने पर कि अरविंद केजरीवाल को अब क्या राय देंगे इस पर अन्ना हजारे ने कहा कि समाज और देश के भले के लिए जो कुछ कर सकते हो करते रहो। खुद के बारे में, पक्ष के बारे में, पार्टी के बारे में मत सोचो। समाज और देश की भलाई पर ध्यान दो और देश को आगे बढ़ाओ। देश की आजादी के लिए लाखों लोगों ने बहुत बड़ी कुर्बानी दी है उसको याद रखना, उसे भूलना नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *