August 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को जाने से मारने की मिली धमकी, बंगाल के मुर्शिदाबाद से आया फोन और व्हाट्सएप मैसेज

नई दिल्ली। केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी को फोन और व्हाट्सएप पर जान से मारने की धमकी दी गई है। जयंत चौधरी के निजी सहायक विश्वेंद्र शाह को धमकी भरा फोन और व्हाट्सएप मैसेज भेजा गया है। इस संबंध में दिल्ली पुलिस को जानकारी दे दी गई है और तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि धमकी देने वाला व्यक्ति पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का रहने वाला है और उसका नाम इस्माइल है। वहीं पश्चिम बंगाल पुलिस भी मामले की जांच कर रही है।

धमकी देने वाले ने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का टूर प्रोग्राम भी व्हाट्सएप किया है। इसको लेकर चिंता की बात यह है कि आखिर उस शख्स के पास केंद्रीय मंत्री के दौरे से संबंधित जानकारी जोकि सार्वजनिक नहीं की गई थी वो कैसे पहुंची? जयंत चौधरी को गोली मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने ही टेक्स्ट मैसेज और वॉइस मैसेज भी भेजे। आरोपी ने बताया कि मंत्री के टूर प्रोग्राम की कॉपी उसके पास ‘ऊपर’ से आई है। केंद्रीय मंत्री की ओर से पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत में उनकी जासूसी किए जाने की भी बात कही गई है।

शिकायत में कहा गया है कि कोई व्यक्ति इस बात की निगरानी रख रहा है कि कोठी का गेट कब खुलता है और कब बंद होता है। लगभग तीन दिन पहले सफेद रंग की एक कार जिसके शीशे काले थे रात के समय काफी देर तक मंत्री की कोठी के बाहर खड़ी रही थी। कार में सवार लोग संभवत: कोठी में आने जाने वालों की निगरानी कर रहे थे। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दिल्ली पुलिस और बंगाल पुलिस दोनों के द्वारा समन्वय बनाकर पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *