बांग्लादेश में हिंदू युवक की निर्मम हत्या के विरोध में दिल्ली स्थित उच्चायोग के बाहर विहिप का जोरदार प्रदर्शन
नई दिल्ली। बांग्लादेश में कट्टरपंथी विद्रोहियों के द्वारा पिछले दिनों दीपू चंद्र दास नाम के हिंदू युवक की निर्मम हत्या किए जाने के विरोध में दिल्ली में स्थित बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर आज विश्व हिंदू परिषद और अन्य हिंदू संगठनों के द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी मौजूद हैं जो हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर नारेबाजी करते हुए बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की आवाज उठा रहे हैं। हालात को देखते हुए उच्चायोग के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। प्रदर्शनकारियों को बैरिकेडिंग लगाकर रोका जा रहा है।
बांग्लादेशी उच्चायोग के बाहर दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों को भी तैनाती किया गया है। सड़क के तरफ बैरिकेड्स लगाए गए हैं और सीसीटीवी के जरिए निगरानी की जा रही है। दीपू दास के लिए प्रदर्शनकारी न्याय की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ बांग्लादेश में स्थित भारतीय दूतावास की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। इससे पहले 20 दिसंबर की रात को भी दिल्ली में बांग्लादेश हाई-कमीशन के बाहर कुछ लोगों ने इकट्ठा होकर प्रदर्शन किया था। जबकि ढाका में एक दिन पहले 22 दिसंबर को नेशनल प्रेस क्लब के सामने हिंदू संगठनों और अल्पसंख्यक समूहों ने विरोध प्रदर्शन किया था।
आपको बता दें कि बांग्लादेश के छात्र नेता और इंकलाब मंच के प्रवक्ता उस्मान हादी की हत्या के बाद वहां पर हिंसा भड़क गई थी। कट्टरपंथी प्रदर्शनकारियों के द्वारा बहुत से मीडिया संस्थानों के दफ्तरों को आग लगा दी गई थी। तमाम जगहों पर तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया गया। इस बीच एक फैक्ट्री में काम करने वाले दीपू दास को इस्लाम की बेदअबी के विरोध में कट्टरपंथियों ने बड़ी बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इतना ही नहीं उसके शव को एक पेड़ से लटका दिया गया और शव पर भी लाठी डंडे बरसाए गए। बाद में शव को आग लगा दी गई थी।
