बिहार के सीएम नीतीश कुमार फिर चुने गए जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, किसी और नेता ने नहीं दाखिल किया पर्चा
पटना। बिहार के सीएम नीतीश कुमार एक बार फिर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिए गए। जेडीयू ने मंगलवार को इसका एलान किया। जेडीयू ने बयान में कहा है कि मंगलवार सुबह 11 बजे तक अध्यक्ष पद के लिए नाम वापसी की समयसीमा तय की गई थी। नीतीश कुमार के अलावा जेडीयू अध्यक्ष पद के लिए किसी और नेता ने पर्चा नहीं भरा था। ऐसे में नीतीश कुमार एक बार फिर जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुन लिए गए हैं।
केंद्रीय मंत्री और नीतीश कुमार के करीबी राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह पहले जेडीयू अध्यक्ष थे। ललन सिंह ने जेडीयू अध्यक्ष पद से दिसंबर 2023 में इस्तीफा दिया था। जिसके बाद नीतीश कुमार ने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष का काम संभाला था। नीतीश कुमार ने संजय कुमार झा को जेडीयू का कार्यकारी अध्यक्ष बना रखा है। संजय झा के फिलहाल इसी पद पर बने रहने की संभावना है। नीतीश कुमार बीते दिनों अपने बेटे निशांत कुमार को भी आखिरकार सियासत में ले आए हैं। निशांत इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान लोगों से अपने पिता के गठबंधन को फिर सरकार बनाने का मौका देने का आग्रह करते रहे थे। हालांकि, निशांत ने सियासत से दूरी बना रखी थी।
नीतीश कुमार ने बिहार की पांच राज्यसभा सीटों में से एक पर चुनाव जीता है। अप्रैल में वो राज्यसभा सांसद के तौर पर शपथ लेंगे। इसके साथ ही नीतीश कुमार बिहार सीएम की कुर्सी भी छोड़ देंगे। हालांकि, नीतीश कुमार ने बिहार के लोगों को भरोसा दिया है कि सीएम पद छोड़ने के बावजूद वो बिहार पर नजर रखेंगे और विकास के काम कराते रहेंगे। नीतीश कुमार 20 साल से ज्यादा वक्त से बिहार के सीएम पद पर रहे। उन्होंने बीजेपी और लालू यादव की आरजेडी और कांग्रेस के साथ मिलकर भी बिहार में सरकार बनाई। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले जेडीयू चीफ नीतीश कुमार विपक्ष के इंडी गठबंधन से जुड़े थे, लेकिन फिर बीजेपी के पाले में लौट आए।
