लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि बनने वाले हैं नए सीडीएस, जानिए उनके बारे में
नई दिल्ली। रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जरनल एनएस राजा सुब्रमणि को सरकार ने नया चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ यानी सीडीएस नियुक्त किया है। मौजूदा सीडीएस जनरल अनिल चौहान इस पद से 30 मई को रिटायर हो जाएंगे। जिसके बाद एनएस राजा सुब्रमणि सीडीएस का पद संभालेंगे। वो देश के तीसरे सीडीएस होंगे। पहले सीडीएस दिवंगत जनरल बिपिन रावत थे। एक हेलीकॉप्टर हादसे में जनरल रावत का निधन हो गया था।
सीडीएस का पद संभालने के साथ ही एनएस राजा सुब्रमणि भारत सरकार के सैन्य मामलों के सचिव के तौर पर भी काम करेंगे। फिलहाल एनएस राजा सुब्रमणि 1 सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार हैं। वो मार्च 2023 से जून 2024 तक सेना की मध्य कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ थे। जिसके बाद जुलाई 2024 से जुलाई 2025 तक सेना के उप प्रमुख रहे। सीडीएस का पद संभालने के बाद रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि तीनों सेनाओं के बीच समन्वय का काम देंखेंगे। साथ ही दुश्मनों के खिलाफ रणनीति तय करने में भी उनकी अहम भूमिका रहेगी।
लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि दिसंबर 1985 में गढ़वाल रायफल्स में शामिल हुए थे। भारतीय सेना में वो 37 साल रहे। चीन और पाकिस्तान की सीमा पर भी उन्होंने काम किया और इस वजह से भारत के इन पुराने दुश्मन देशों की सैन्य क्षमता की उनको पूरी जानकारी है। लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रमणि एनडीए और आईएमए से स्नातक है। ब्रिटेन के ज्वॉइंट सर्विसेज कमांड एंड स्टाफ कॉलेज और दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज से भी एनएस राजा सुब्रमणि ने ट्रेनिंग ली है। इसके अलावा लंदन के किंग्स कॉलेज से उन्होंने मास्टर ऑफ आर्ट्स और मद्रास यूनिवर्सिटी से रक्षा में एमफिल भी किया है। एनएस राजा सुब्रमणि पीवीएसएम, एवीएसएम, सेना पदक और वीएसएम सम्मान हासिल कर चुके हैं। देश में जल्दी ही नए थियेटर कमान बनने जा रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि को इस दिशा में भी अहम भूमिका निभानी होगी। सीडीएस का पद साल 2019 में बनाया गया था। सेना के जनरल पद से रिटायर होने के बाद बिपिन रावत को ये पद सौंपा गया था। उनके निधन के बाद जनरल अनिल चौहान को सीडीएस बनाया गया।
