July 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राम मंदिर चंदा चोरी मामले में दाखिल याचिकाओं पर सुनवाई करेगा सुप्रीम कोर्ट, तय कर दी तारीख

नई दिल्ली। अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी मामले में दाखिल याचिकाओं पर सुनवाई के लिए सुप्रीम कोर्ट ने तारीख तय कर दी है। इन याचिकाओं पर 13 जुलाई को सुनवाई होगी। मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच के समक्ष सुनवाई के लिए याचिकाओं को सूचीबद्ध किया गया है। अधिवक्ता अजय कुमार राय, दिनेश कुमार यादव और आरजेडी सांसद सुधाकर सिंह की ओर से तीन याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई थीं, अदालत इन तीनों पर एक साथ सुनवाई करेगी। इन याचिकाओं में चंदा चोरी मामले की जांच के लिए सीबीआई अधिकारी के नेतृत्व में विशेष एसआईटी के गठन की मांग की गई है।

इससे पहले अजय कुमार और दिनेश कुमार की याचिकाओं पर 29 जून को शीर्ष अदालत ने त्वरित सुनवाई से इनकार कर दिया था। अदालत ने याचिकाकर्ता से सवाल किया था कि याचिका पर सुनवाई के लिए आखिर इतनी जल्दी क्यों है। शीर्ष अदालत ने कहा था 12 जुलाई के बाद सुनवाई होगी। आपको बता दें कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ आईएएस विजय विश्वास पंत के नेतृत्व में तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया है जो इस मामले की जांच कर रही है। एसआईटी की प्रारम्भिक रिपोर्ट के आधार पर ट्रस्ट की ओर से 8 आरोपियों रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा, रमाशंकर मिश्रा, लवकुश मिश्रा, अविनाश शुक्ला, मनीष यादव, सुभाष श्रीवास्तव और करुणेश पांडेय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

ये सभी आरोपी फिलहाल जेल में हैं। इनसे पूछताछ में नए-नए खुलासे हो रहे हैं। इन आरोपियों ने कबूल किया है कि ये लोग राम मंदिर के नाम से फर्जी रसीद के जरिए श्रद्धालुओं से चंदा लेते थे। चंदे चोरी की रकम को आरोपियों ने ब्याज पर बांटा और शेयर बाजार में भी इन्वेस्ट किया है। इन आरोपियों के पास से पुलिस 79. 84 लाख रुपए बरामद कर चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *