बिग बैश लीग का ओपनिंग मुकाबला भारत में होगा, मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड से पीएम नरेंद्र मोदी ने की घोषणा
नई दिल्ली। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के अंतिम दिन आज मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पहुंचे। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी उनके साथ रहे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल सहयोग को और मजबूत करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया गया। इसके तहत ऑस्ट्रेलिया की टी-20 लीग बिग बैश का ओपनिंग मैच भारत में खेला जाएगा। पीएम नरेंद्र मोदी ने इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि यह मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में 12 दिसंबर को होगा। यह पहली बार है जब किसी विदेशी लीग का मैच भारत में होने जा रहा है।
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में पीएम मोदी ने बच्चों से बात की और उनकी जर्सी पर साइन किए। मोदी मेलबर्न स्टेडियम में बने शेन वॉर्न स्टैंड भी गए। मोदी ने कहा, MCG में आकर किसी भी भारतीय के मन में दो भावनाएं एक साथ आती हैं। एक भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच का रोमांच और दूसरा ये एहसास कि दोनों देशों में क्रिकेट केवल एक खेल नहीं बल्कि एक साझा जुनून है। लेकिन आज यहां कोई लास्ट ओवर का प्रेशर नहीं है। आज यहां केवल खेल की खुशी है। हमारी मित्रता की गर्मजोशी है और फ्यूचर चैंपियन्स की एनर्जी है। हमें अभी कबड्डी, ऑस्ट्रेलियन फुटबॉल और क्रिकेट की दुनिया से जुड़े इन बच्चों से बातचीत करने का अवसर मिला। उनके जोश को देख कर लगा कि आज यहां बच्चों का एग्जिबिशन मैच नहीं है, फ्यूचर चैंपियन्स का ऑडिशन चल रहा है। उनके आत्मविश्वास और ऊर्जा से यह स्पष्ट है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया में खेलों का भविष्य बहुत उज्जवल है।
मोदी ने कहा, भारत में हमने सिर्फ टेक्नोलॉजी ही नहीं स्पोर्ट्स को भी डेमोक्रेटाइज किया है। ‘खेलो इंडिया’ कार्यक्रम से छोटे शहरों, गांवों और सामान्य परिवारों के बच्चों को भी बड़े सपने देखने का प्लेटफॉर्म मिल रहा है। आज भारत में स्पोर्टिंग टैलेंट कुछ बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। यह देश के हर कोने से, हर बैकग्राउंड से उभर रहा है। 2030 में भारत कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी करने जा रहा है। हम 2036 में ओलंपिक खेलों के भारत में आयोजन का प्रयास कर रहे हैं।
