‘1000 मिसाइलें ईरान पर हमले के लिए तैनात’, डोनाल्ड ट्रंप की ताजा चेतावनी
वॉशिंगटन। अमेरिका और ईरान के बीच फिर तनाव बढ़ रहा है। ईरान से बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया के जरिए फिर इस्लामी देश को चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर हमले के लिए 1000 मिसाइलें तैनात की गई हैं। ट्रंप ने पोस्ट में लिखा है कि अगर ईरान ने उनकी हत्या की कोशिश की, तो अमेरिका की सेना एक साल तक उसके हर हिस्से पर लगातार हमला करेगी। ट्रंप ने कहा है कि उनकी हत्या हुई, तो ईरान के सभी इलाकों को पूरी तरह तबाह किया जाएगा। जिसके आदेश पहले दिए जा चुके हैं।
इससे पहले ट्रंप ने दावा किया था कि अमेरिका से ईरान बातचीत करना चाहता है। ट्रंप ने साथ ही ये भी कहा था कि भले ही दोनों देशों में बातचीत हो, लेकिन सीजफायर खत्म हो चुका है। वहीं, ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने कहा था कि उनका देश अपनी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है। गालिबाफ ने अमेरिका पर शांति समझौते के एमओयू का पालन न करने का आरोप भी लगाया है। वहीं, ओमान की खाड़ी में अमेरिका की तरफ से 20 युद्धपोत और दो एयरक्राफ्ट कैरियर यूएसएस अब्राहम लिंकन और यूएसएस जॉर्ज डब्ल्यू बुश को तैनात करने की जानकारी भी आई है। हालांकि, अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने अभी इस बारे में ताजा स्थिति नहीं बताई है।
ट्रंप ने पहले ईरान से कहा था कि वो सार्वजनिक एलान करे कि जहाजों की निर्बाध आवाजाही के लिए होर्मुज स्ट्रेट खुला है। दरअसल, बीते कुछ दिनों में होर्मुज से गुजर रहे कई जहाजों पर ईरान हमले कर चुका है। जिसका जवाब देने के लिए अमेरिका की सेना ने ईरान के 90 ठिकानों पर ताबड़तोड़ बमबारी की थी। अब खामेनेई का अंतिम संस्कार खत्म होने के बाद ईरान भी फिर ताल ठोककर मैदान में उतरा है। इससे पहले अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी से 39 दिन तक युद्ध चला था। जिसमें ईरान में काफी कुछ तबाह हुआ, तो उसके हमले में अमेरिका के सैन्य अड्डों को भी बड़ा नुकसान उठाना पड़ा था।
